कोरबा। बदलते व्यावसायिक दौर में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के बढ़ते महत्व को देखते हुए जेसीआई कोरबा सेंट्रल द्वारा ‘द मेगा बिजनेस ट्रेनिंग-एआई टूल्स फॉर बिजनेस ग्रोथ’ विषय पर विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें 100 से अधिक व्यवसायियों ने हिस्सा लेकर एआई टूल्स के व्यावहारिक उपयोग की जानकारी हासिल की। प्रशिक्षण सत्र पुणे के ट्रेनर एवं लेखक गोल्डी अंबवानी ने लिया। उन्होंने व्यवसाय से जुड़े रोजमर्रा के कार्यों को आसान बनाने, समय की बचत करने और उत्पादकता बढ़ाने में एआई टूल्स की भूमिका के बारे में विस्तार से जानकारी दी। साथ ही बेहतर संवाद और काम को व्यवस्थित करने के लिए एआई के इस्तेमाल के विभिन्न तरीकों को समझाया।
रात में मवेशियों से होने वाले हादसे रोकने पुलिस की अनोखी पहल, गले में बांधी रेडियम पट्टियां
कार्यक्रम के दौरान व्यवसायियों को एआई के अलग-अलग व्यावसायिक उपयोगों से परिचित कराया गया। प्रतिभागियों को बताया गया कि आधुनिक तकनीक का सही इस्तेमाल करके कई नियमित कार्यों को कम समय में और अधिक व्यवस्थित तरीके से पूरा किया जा सकता है। व्यवसायियों ने प्रशिक्षण में सक्रिय भागीदारी करते हुए एआई के व्यावहारिक पहलुओं को समझा। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिला चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज, कोरबा के अध्यक्ष योगेश जैन रहे। विशिष्ट अतिथियों के रूप में सीए आशीष खेतान, विजय अग्रवाल, डिस्ट्रिक्ट गवर्नर लायंस इंटरनेशनल, पूर्व अध्यक्ष सजन अग्रवाल और पूर्व जोन अध्यक्ष सीए अमर अग्रवाल सहित अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।
ब्लू वॉटर में डूबे आदिल खान का 77 घंटे बाद मिला शव, तीन दिन से चल रहा था सर्च ऑपरेशन
कार्यक्रम के आयोजन में प्रोजेक्ट डायरेक्टर आदित्य अग्रवाल, अध्यक्ष सीए त्रिलोकी नाथ बजाज सहित जेसीआई कोरबा सेंट्रल के पदाधिकारियों और सदस्यों का सहयोग रहा। आयोजकों ने बताया कि प्रशिक्षण का उद्देश्य व्यवसायियों को केवल एआई की सैद्धांतिक जानकारी देना नहीं, बल्कि इसे अपने कारोबार में प्रभावी तरीके से इस्तेमाल करने के लिए जागरूक करना था। जेसीआई कोरबा सेंट्रल के पदाधिकारियों के अनुसार, वर्तमान समय में तकनीक कारोबार का अहम हिस्सा बनती जा रही है। ऐसे में एआई टूल्स की जानकारी और उनका सही इस्तेमाल व्यवसायियों को समय बचाने, काम को बेहतर ढंग से व्यवस्थित करने और उत्पादकता बढ़ाने में मदद कर सकता है।
