रायपुर। नया रायपुर के नकटी गांव स्थित ब्लू वॉटर में डूबे 24 वर्षीय आदिल खान का शव करीब 77 घंटे बाद बरामद कर लिया गया। शनिवार देर रात पानी की सतह पर शव दिखाई देने के बाद एसडीआरएफ और एनडीआरएफ की सर्चिंग टीम ने उसे बाहर निकाला। शव मिलने के साथ ही तीन दिनों से चल रहा रेस्क्यू अभियान समाप्त हो गया। जानकारी के मुताबिक, आदिल खान बुधवार को अपने तीन दोस्तों के साथ ब्लू वॉटर घूमने पहुंचा था। इसी दौरान दोस्तों के बीच पानी में तैरकर एक तरफ से दूसरी तरफ जाने की शर्त लगी। आदिल और उसका एक दोस्त पानी में उतरे, लेकिन कुछ ही देर बाद आदिल गहरे पानी में चला गया और डूब गया।
घटना की सूचना मिलते ही एसडीआरएफ और एनडीआरएफ की टीमों ने मौके पर पहुंचकर तलाशी अभियान शुरू किया। गहराई अधिक होने के कारण रेस्क्यू टीम को सर्च ऑपरेशन के दौरान काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ा। इसके बावजूद टीम लगातार तीन दिनों तक पानी में आदिल की तलाश करती रही। शनिवार देर रात सर्चिंग के दौरान शव पानी की सतह पर नजर आया। टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर शव को बाहर निकाला। आवश्यक पुलिस कार्रवाई और प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
आदिल खान मौदहापारा का निवासी था और अपने दोस्तों के साथ घूमने के लिए नकटी गांव स्थित ब्लू वॉटर पहुंचा था। करीब 77 घंटे बाद शव मिलने से परिजनों का लंबा इंतजार खत्म हुआ। घटना के बाद पुलिस ने लोगों से गहरे पानी वाले स्थानों पर सावधानी बरतने और सुरक्षा के बिना पानी में न उतरने की अपील की है।
