कवर्धा। कबीरधाम जिले में सड़क हादसों की रोकथाम और मवेशियों की सुरक्षा के लिए दशरंगपुर पुलिस ने अनूठी पहल शुरू की है। पुलिस टीम ने सड़कों पर बैठे और घूम रहे गौवंश समेत अन्य मवेशियों के गले में रेडियम पट्टियां बांधीं, ताकि रात के समय वाहन चालकों को वे दूर से नजर आ सकें। पुलिस अधीक्षक जितेन्द्र कुमार यादव के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हेमसागर सिदार एवं अमित पटेल के मार्गदर्शन में चौकी दशरंगपुर प्रभारी उप निरीक्षक तारनदास डहरिया के नेतृत्व में यह अभियान चलाया गया। पुलिस जवानों ने क्षेत्र के प्रमुख मार्गों पर पहुंचकर सड़क किनारे और मार्ग के बीच बैठे मवेशियों के गले में रेडियम पट्टियां लगाईं।
अड्डेबाजों और निगरानी बदमाशों पर पुलिस की सख्ती, 11 मामलों में 12 लोगों पर कार्रवाई
पुलिस के मुताबिक, वाहन की हेडलाइट पड़ते ही रेडियम पट्टी चमकती है, जिससे चालक को अंधेरे में मवेशी काफी पहले दिखाई दे सकते हैं। इससे वाहन चालक समय रहते गति कम कर सकेंगे और टक्कर की संभावना को कम किया जा सकेगा। पुलिस ने बताया कि इस पहल का उद्देश्य केवल सड़क दुर्घटनाओं को रोकना नहीं, बल्कि पशुधन की सुरक्षा सुनिश्चित करना भी है। रात के समय सड़कों पर मवेशियों के दिखाई नहीं देने के कारण कई बार गंभीर हादसे हो जाते हैं।
दशरंगपुर पुलिस ने वाहन चालकों और आम नागरिकों से अपील की है कि सड़क या हाईवे पर मवेशी दिखाई देने पर सावधानी बरतें और सुरक्षित तरीके से उन्हें सड़क से हटाने में सहयोग करें। पुलिस ने कहा कि सड़क सुरक्षा के लिए प्रशासन के साथ आम लोगों की भागीदारी भी बेहद जरूरी है।
