बिलासपुर। न्यायधानी में देर रात पुलिस ने एक बड़े जुआ फड़ का भंडाफोड़ करते हुए फार्महाउस संचालक समेत 8 लोगों को गिरफ्तार किया है। मामला कोनी थाना क्षेत्र के ग्राम गतौरी स्थित वृंदावन ग्रीन फार्म का है, जहां लंबे समय से “बावन परियों” यानी ताश के जुए का खेल चलने की सूचना पुलिस को मिल रही थी। सूचना मिलते ही सीएसपी सिविल लाइन और कोटा एसडीओपी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने फार्महाउस पर दबिश दी। छापेमारी के दौरान वहां मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई, लेकिन पुलिस ने घेराबंदी कर फार्म मालिक मनीष शर्मा समेत कुल 8 आरोपियों को मौके से पकड़ लिया।
पुलिस के मुताबिक आरोपियों के खिलाफ गैर जमानती धाराओं के तहत कार्रवाई की गई है। मौके से करीब 3 लाख 80 हजार रुपए नकद, 11 मोबाइल फोन और 5 चारपहिया वाहन जब्त किए गए हैं। गिरफ्तार आरोपियों में रोशन सिंह, मुन्ना गोयल, विकास सिंह, मनीष शर्मा, नीरज शर्मा, दीपक अग्रवाल, चंद्रकिशन अग्रवाल और मयंक सोनकर शामिल हैं। सभी आरोपी बिलासपुर और आसपास के क्षेत्रों के निवासी बताए जा रहे हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि, इलाके में अवैध जुआ और सट्टे के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। वृंदावन ग्रीन फार्म में लंबे समय से संदिग्ध गतिविधियों की शिकायत मिल रही थी, जिसके बाद योजनाबद्ध तरीके से कार्रवाई की गई। मामले में आगे भी पूछताछ जारी है।
