अटल प्रतिमाओं की जांच होनी चाहिए, कटघोरा मामले पर विधायक अजय चंद्राकर ने उठाए सवाल

Follow Us

रायपुर। कटघोरा में पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की कांस्य प्रतिमा की जगह सीमेंट की प्रतिमा लगाए जाने का मामला लगातार तूल पकड़ता जा रहा है। इस मामले में भाजपा विधायक अजय चंद्राकर ने प्रदेशभर में स्थापित अटल प्रतिमाओं की जांच कराने की मांग की है। अजय चंद्राकर ने कहा कि कटघोरा मामले में एक सब इंजीनियर को निलंबित किया गया है, लेकिन यह केवल एक व्यक्ति तक सीमित मामला नहीं है। यह गंभीर विषय है और पूरे प्रदेश में अटल बिहारी वाजपेयी की प्रतिमाओं का परीक्षण कराया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि इस मामले में सरकार को सख्त कदम उठाने चाहिए और दोषियों पर कार्रवाई होनी चाहिए।

पत्रकारों से चर्चा के दौरान अजय चंद्राकर ने पीसीसी अध्यक्ष दीपक बैज द्वारा बस्तर पंडुम आयोजन में लगाए गए भ्रष्टाचार के आरोपों पर भी पलटवार किया। उन्होंने कहा कि किसी भी कार्यक्रम में खर्च हुई राशि का ऑडिट कराया जा सकता है। यह आयोजन कांग्रेस के राजीव मितान क्लब की तरह फर्जी नहीं है। कांग्रेस बेवजह आरोप लगाकर राजनीति कर रही है। स्मार्ट मीटर को लेकर कांग्रेस के राज्यव्यापी आंदोलन पर भी उन्होंने निशाना साधा। चंद्राकर ने कहा कि स्मार्ट मीटर लगाने की शुरुआत पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल सरकार के समय हुई थी। कांग्रेस नेताओं को पहले अपनी ही सरकार से इस मामले में सवाल करना चाहिए। छत्तीसगढ़ कांग्रेस में संगठन पुनर्गठन को लेकर भी भाजपा विधायक ने तंज कसा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के पास न तो सक्रिय मुद्दे हैं और न ही संगठन को लेकर स्पष्ट दिशा। पार्टी लगातार अंदरूनी विवादों से जूझ रही है।

जम्मू-कश्मीर के कुलगाम में हुए आतंकी हमले में छत्तीसगढ़ के दो मजदूरों की मौत पर अजय चंद्राकर ने दुख जताया। उन्होंने इसे पहलगाम की तरह टारगेट किलिंग बताते हुए कहा कि आतंकियों के खिलाफ उसी तरह सख्त कार्रवाई होनी चाहिए, जैसी पहले की गई है। साथ ही उन्होंने राज्य सरकार से पीड़ित परिवारों के लिए तत्काल राहत और मुआवजे की घोषणा करने की मांग की।