मुंबई। ‘द ट्रेटर्स’ सीजन 2 की कंटेस्टेंट रिडा थराना इन दिनों अपने एक सोशल मीडिया वीडियो को लेकर चर्चा में हैं। रिडा ने हाल ही में एक वीडियो शेयर किया, जिसमें उन्होंने अपने फैंस के प्यार के साथ-साथ आलोचकों और नफरत करने वालों का भी शुक्रिया अदा किया। उन्होंने कहा, “सबसे पहले, इतने सारे प्यार के लिए शुक्रिया। दूसरी बात, इतनी नफरत के लिए भी शुक्रिया। अभी तो एपिसोड्स भी नहीं आए हैं और आप लोग अभी से ही ऐसे कह रहे हैं।” रिडा ने आगे कहा कि वह शो में खुद को पूरी तरह दर्शकों के सामने पेश करने के लिए तैयार हैं और इसके बाद लोग उन्हें प्यार करें या नफरत, यह उनकी पसंद होगी। रिडा के इस बयान के बाद सोशल मीडिया पर यूजर्स ने इसे अपूर्वा मुखिजा, जिन्हें ‘रेबेल किड’ के नाम से जाना जाता है, से जोड़ना शुरू कर दिया। हालांकि, रिडा ने अपने वीडियो में अपूर्वा का नाम सीधे तौर पर नहीं लिया है। अटकलों को तब और हवा मिली जब अपूर्वा ने एक पोस्ट पर रिडा के साथ दोबारा दोस्ती के सवाल पर ‘Never’ यानी ‘कभी नहीं’ जवाब दिया था।
अपूर्वा मुखिजा और रिडा थराना कभी करीबी दोस्त हुआ करती थीं और दोनों को सोशल मीडिया पर अक्सर साथ देखा जाता था। हालांकि, 2025 में ‘इंडियाज गॉट लेटेंट’ विवाद के दौरान दोनों की दोस्ती में दरार की खबरें सामने आईं। इसी दौरान अपूर्वा के एक वीडियो के बाद सोशल मीडिया पर ऐसी अटकलें लगाई गईं कि वह कथित तौर पर रिडा की ओर इशारा कर रही हैं। इन चर्चाओं के चलते रिडा को ऑनलाइन आलोचनाओं का सामना भी करना पड़ा था। बाद में अपूर्वा ने लोगों से बिना पूरी जानकारी के किसी निष्कर्ष पर नहीं पहुंचने और नफरत नहीं फैलाने की अपील की थी। उन्होंने रिडा के साथ एक तस्वीर शेयर करते हुए ‘सिर्फ प्यार’ भी लिखा था। हालांकि, बाद में दोनों के बीच दूरी बढ़ने की खबरें सामने आईं। ‘बॉलीवुड बबल’ को दिए एक इंटरव्यू में अपूर्वा ने रिडा के साथ दोस्ती टूटने पर बात करते हुए कहा था कि इस अनुभव ने दोस्ती, प्यार और भरोसे से उनका विश्वास खत्म नहीं किया है। अब रिडा के नए वीडियो के बाद दोनों की पुरानी दोस्ती और उनके बीच आई दूरी एक बार फिर चर्चा में आ गई है।
