बलौदाबाजार। जिला प्रशासन द्वारा संचालित संपर्क केंद्र के माध्यम से आयोजित संवाद कार्यक्रम के दौरान प्राप्त शिकायत पर त्वरित संज्ञान लेते हुए कलेक्टर कुलदीप शर्मा के निर्देश पर संबंधित विभाग द्वारा तत्काल कार्रवाई की गई। सहायक शिक्षक के लंबित दिव्यांग वाहन भत्ता का बकाया राशि भुगतान हेतु स्वीकृति प्रदान की गई। प्राथमिक शाला कौवाताल, विकासखंड कसडोल में पदस्थ सहायक शिक्षक नीलकंठ पटेल ने वर्ष 2018 से अप्रैल 2025 तक की लंबित दिव्यांग वाहन भत्ता राशि के भुगतान नहीं होने की जानकारी दी थी।कलेक्टर कुलदीप शर्मा के निर्देशानुसार संपर्क केंद्र के माध्यम से मामले को जिला शिक्षा अधिकारी को तत्काल परीक्षण एवं आवश्यक कार्रवाई के लिए प्रेषित किया गया। प्रकरण की जांच उपरांत विकासखंड शिक्षा अधिकारी, कसडोल द्वारा आवश्यक कार्यवाही करते हुए नीलकंठ पटेल की लंबित वाहन भत्ता राशि स्वीकृत की गई तथा कुल 62 हजार 250 रुपये का भुगतान उनके खाते में सुनिश्चित किया गया। शैक्षिक संसाधन
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि संपर्क केंद्र के माध्यम से प्राप्त प्रत्येक शिकायत एवं मांग का गंभीरतापूर्वक परीक्षण कर त्वरित एवं प्रभावी निराकरण किया जा रहा है। प्रशासन का उद्देश्य आमजन की समस्याओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करते हुए शासन की जनहितकारी सेवाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक शीघ्र पहुंचाना है। सम्पर्क केंद्र के नंबर 92018-99925 पर जिले के नागरिक अपनी समस्या या शिकायत मांग के लिए फोन करके संपर्क कर सकते है।
