रायपुर। राजधानी रायपुर के गंज थाना क्षेत्र में एक युवक की संदिग्ध हालत में लाश मिलने से सनसनी फैल गई। चूनाभट्टी रेलवे फाटक के पास रेलवे ट्रैक किनारे शव मिलने के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। खास बात यह है कि गंज इलाके में दो दिनों के भीतर शव मिलने की यह दूसरी घटना है। जानकारी के अनुसार, स्थानीय लोगों ने रेलवे ट्रैक के पास एक युवक का शव पड़े होने की सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने मृतक की पहचान खमतराई निवासी बिट्टू के रूप में की। शव पर चोट के कई निशान मिले हैं, जिसके चलते मामला संदिग्ध माना जा रहा है।
सेंट्रल जोन डीसीपी उमेश गुप्ता ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम को घटनास्थल भेजा गया था। शुरुआती जांच के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि मामला हत्या का है या किसी हादसे का। घटना के बाद पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है। इससे पहले इसी क्षेत्र में भ्रमार कुमार चटर्जी की लाश मिलने से भी सनसनी फैली थी। लगातार दूसरी घटना के बाद स्थानीय लोग दहशत में हैं।
