पुलवामा हमले के मास्टरमाइंड हमजा बुरहान का पीओके में हत्या: अज्ञात हमलावरों ने मारी गोली, भारत ने घोषित किया था आतंकी

Follow Us

नई दिल्ली। वर्ष 2019 में हुए पुलवामा आत्मघाती आतंकी हमले के मास्टरमाइंड और प्रतिबंधित आतंकी संगठन ‘अल बद्र’ के प्रमुख कमांडर हमजा बुरहान की पाक अधिकृत कश्मीर (PoK) में अज्ञात हमलावरों ने गोली मारकर हत्या कर दी है। सूत्रों के मुताबिक, पीओके में अज्ञात बंदूकधारियों ने उसे निशाना बनाकर ताबड़तोड़ गोलियां चलाईं, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हमजा बुरहान की इस अचानक हुई हत्या से सीमा पार चल रहे आतंकी नेटवर्क को एक बहुत बड़ा झटका लगा है। मूल रूप से जम्मू-कश्मीर के पुलवामा का रहने वाला यह मोस्ट वांटेड आतंकी साल 2017 में ही पाकिस्तान भाग गया था और पिछले 7 सालों से वहां छिपकर रह रहा था।

भारत सरकार ने साल 2022 में उसकी खतरनाक गतिविधियों को देखते हुए गैरकानूनी गतिविधियां रोकथाम अधिनियम (UAPA) के तहत उसे आतंकी घोषित किया था। वह पाकिस्तान में खुद को एक शिक्षक बताता था, लेकिन असल में वह पीओके के इलाकों में नए आतंकियों को ट्रेनिंग देने और भारतीय सीमा में घुसपैठ कराने का मुख्य काम कर रहा था।

ज्ञात हो कि 14 फरवरी 2019 को पुलवामा के लेथपोरा में हुआ आतंकी हमला देश के इतिहास के सबसे भीषण हमलों में से एक था। इस आत्मघाती हमले में सीआरपीएफ (CRPF) के 40 वीर जवान शहीद हो गए थे, जब विस्फोटकों से भरी एक कार ने जवानों के काफिले की बस को टक्कर मार दी थी। इस कायराना हमले की जिम्मेदारी जैश-ए-मोहम्मद ने ली थी और हमजा बुरहान इसकी मुख्य साजिश रचने वालों में शामिल था।