वायरल वीडियो के बीच सुनीता आहूजा का बयान चर्चा में, बोलीं- इंसानों से ज्यादा जानवरों पर भरोसा

Follow Us

मुंबई। अभिनेता गोविंदा और अभिनेत्री रानी स्वर्णकार के हालिया वीडियो के बीच उनकी पत्नी सुनीता आहूजा का एक बयान सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गया है। दरअसल, बुधवार को पैपराजी से बातचीत के दौरान सुनीता अपने पालतू डॉग विंटर का जिक्र होने पर इंसानों और जानवरों को लेकर अपनी राय जाहिर करती नजर आईं। उन्होंने कहा कि इंसानों से कितना भी प्यार किया जाए, वे धोखा दे सकते हैं, जबकि जानवर हमेशा साथ निभाते हैं। सुनीता ने लोगों को इंसानों की बजाय जानवरों से प्यार करने की बात कही। हालांकि, उन्होंने अपने बयान में किसी व्यक्ति का नाम नहीं लिया और न ही इसे किसी खास घटना से जोड़कर कोई बात कही।

सुनीता का यह वीडियो ऐसे समय सामने आया है, जब गोविंदा और उनकी पुरानी को-स्टार रानी स्वर्णकार का मुंबई के लालबागचा राजा के दर्शन करने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। दोनों को गणपति पंडाल में साथ देखा गया था, जिसके बाद एक वीडियो में रानी के माथे और मांग पर सिंदूर जैसा कुछ दिखाई देने की वजह से सोशल मीडिया पर तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं। हालांकि, वीडियो के लंबे वर्जन में दिखाई देता है कि बप्पा के दर्शन के दौरान भगवान गणेश के चरणों में रखा सिंदूर रानी के सिर पर गिरता हुआ नजर आया। इसके बाद सोशल मीडिया पर गोविंदा और रानी के रिश्ते को लेकर फिर से चर्चाएं तेज हो गईं।

गोविंदा और रानी स्वर्णकार के रिश्ते को लेकर पहले भी मीडिया और सोशल मीडिया पर अटकलें लगती रही हैं, लेकिन वायरल वीडियो या सुनीता आहूजा के हालिया बयान से किसी रिश्ते की पुष्टि नहीं होती। फिलहाल सुनीता का पैपराजी से बातचीत वाला वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से शेयर किया जा रहा है और लोग इसे हालिया घटनाक्रम से जोड़कर अपनी-अपनी राय जाहिर कर रहे हैं।