सुधांशु त्रिवेदी ने राहुल गांधी पर साधा निशाना, विदेशी ताकतों से जुड़ाव को लेकर घेरा

Follow Us

नई दिल्ली। भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता और राज्यसभा सांसद सुधांशु त्रिवेदी ने राहुल गांधी पर निशाना साधा है। नई दिल्ली स्थित भाजपा मुख्यालय में प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान उन्होंने कहा कि राहुल गांधी देश को बांटने में लगे हुए हैं। त्रिवेदी ने मोदी सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए कहा कि केंद्र सरकार ने तमिल भाषा का मान बढ़ाया है और उसका सम्मान सुनिश्चित किया है। उन्होंने कांग्रेस और विपक्ष पर राजनीतिक फायदे के लिए गलत आरोप लगाने का आरोप भी लगाया।

सुधांशु त्रिवेदी ने क्या-क्या कहा?:
सुधांशु त्रिवेदी ने कहा कि राहुल गांधी जी भाषा के आधार पर लोगों को लड़ाने की जो इच्छा रखते हैं, वह पूरी नहीं होने वाली है। उन्होंने कहा कि अब कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) के जरिए सभी भाषाओं का सीधा अनुवाद हो रहा है। त्रिवेदी ने कहा कि अब कोई कुछ भी बोलकर यह नहीं सोच सकता कि लोग उसे समझ नहीं पाएंगे। उन्होंने दिल्ली में एक किलोमीटर के दायरे में बैरिकेडिंग लगाए जाने को आपातकाल बताए जाने पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि आपातकाल के दौरान कांग्रेस सरकार ने मानवाधिकार खत्म कर दिए थे। जो लोग लोकतंत्र को भीड़तंत्र में बदलकर उसका अपमान करने की कोशिश कर रहे हैं, उनके मंसूबे कभी कामयाब नहीं होंगे।

कांग्रेस दफ्तर में जमकर बवाल: धक्कामुक्की-जूतेबाजी के बीच पदभार ग्रहण करने पहुंचे नेता

भारत की अर्थव्यवस्था तेजी से आगे बढ़ रही है: भाजपा
भाजपा सांसद ने कहा कि इसके पीछे एक कारण यह भी है कि भारत की अर्थव्यवस्था तेजी से आगे बढ़ रही है। सैमसंग और फॉक्सकॉन जैसी बड़ी कंपनियों की फैक्ट्रियां भारत में हैं। उन्होंने कहा कि भारत मंगल तक पहुंचने वाला देश है। त्रिवेदी ने आरोप लगाया कि बाहर से देश को अशांत करने वाली ताकतें काम कर रही हैं और ऐसी ही ताकतें देश के अंदर से भी काम कर रही हैं। राहुल गांधी के स्टारलिंक का समर्थन करने पर सवाल उठाते हुए उन्होंने कहा कि कांग्रेस हमेशा विदेशी लोगों का साथ क्यों देती है। उन्होंने इस संदर्भ में हिंडनबर्ग और अगस्ता वेस्टलैंड का भी जिक्र किया।

राहुल गांधी ने क्या-क्या कहा था?:
बता दें कि पिछले दिनों कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने तमिलनाडु की राजधानी चेन्नई में विद्यार्थियों के साथ संवाद किया। ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम में उन्होंने तमिल संस्कृति, भाषा, इतिहास, लोकतंत्र और शिक्षा जैसे मुद्दों पर अपनी बात रखी। राहुल गांधी ने कहा था कि तमिल संस्कृति, भाषा और इतिहास पर हमले हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि सरकार के लिए तमिल संस्कृति और इतिहास को दूसरे दर्जे पर रखा जा रहा है।

पीएम मोदी बोले- शहरीकरण से खुलेंगे विकास के नए रास्ते, 25 शहरों तक पहुंची मेट्रो

राहुल ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का जिक्र करते हुए आरोप लगाया कि उन्होंने तमिलनाडु में हिंदी थोपने की बात कही है। राहुल के मुताबिक, किसी भी समाज की भाषा, संस्कृति और इतिहास उसकी पहचान का आधार होते हैं। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को अपनी जड़ों को समझना चाहिए, क्योंकि इसी से उनमें सोचने और सवाल पूछने की क्षमता विकसित होती है। हालांकि, हिंदी को लेकर राहुल की यह टिप्पणी उनका राजनीतिक आरोप है। अब इसी पर भाजपा सांसद सुधांशु त्रिवेदी ने राहुल गांधी और कांग्रेस पर हमला बोला है।