तुरतुरिया धाम में अचानक बाढ़, 200 से अधिक श्रद्धालुओं को पुलिस ने सुरक्षित निकाला

Follow Us

बलौदाबाजार-भाटापारा। प्रदेश में बलौदाबाजार-भाटापारा जिले के प्रसिद्ध मातागढ़ तुरतुरिया धाम में रविवार को अचानक आई बाढ़ ने अफरा-तफरी मचा दी। भारी बारिश के कारण बालमदेही नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ गया, जिससे नदी के दूसरे किनारे पर मौजूद 200 से अधिक श्रद्धालु और पर्यटक फंस गए। स्थिति गंभीर होते ही कसडोल पुलिस ने तुरंत मोर्चा संभालते हुए रेस्क्यू अभियान शुरू किया। तेज बहाव और मुश्किल हालात के बावजूद पुलिस टीम ने साहस दिखाते हुए एक-एक कर सभी लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला। इस दौरान महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों को विशेष सावधानी के साथ सुरक्षित स्थान तक पहुंचाया गया।

सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में टीम मौके पर पहुंची और घंटों चले अभियान में किसी भी प्रकार की जनहानि नहीं होने दी गई। पैरागुड़ा क्षेत्र के पास कठिन रास्तों और तेज बहाव के बीच यह रेस्क्यू ऑपरेशन बेहद चुनौतीपूर्ण रहा। स्थानीय लोगों और श्रद्धालुओं ने कसडोल पुलिस की त्वरित कार्रवाई और साहसिक प्रयासों की सराहना की। समय पर की गई इस कार्रवाई ने एक बड़े हादसे को टाल दिया और आपदा प्रबंधन की एक मिसाल पेश की।