रांची। रांची में जेपीएससी – जेएसएससी समेत प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित पेपर लीक और अनियमितताओं के खिलाफ छात्रों का आंदोलन रविवार को 17वें दिन भी जारी है। छात्रों और झारखंड सरकार के बीच आज तीसरे दौर की बातचीत होने वाली है। इससे पहले शनिवार को हुई दूसरे दौर की वार्ता भी किसी ठोस नतीजे पर नहीं पहुंच सकी थी। सरकार की ओर से गठित वार्ता समिति रविवार दोपहर करीब 12 बजे छात्र प्रतिनिधियों से मुलाकात करेगी। समिति छात्रों की मांगों की जानकारी मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को पहले ही दे चुकी है। छात्रों का कहना है कि जब तक उनकी सभी प्रमुख मांगों पर ठोस फैसला नहीं होता, आंदोलन जारी रहेगा।
छात्रों ने 10 अगस्त को विधानसभा घेराव का भी ऐलान किया है। वहीं आंदोलन को समर्थन देते हुए जेएलकेएम प्रमुख और विधायक जयराम महतो ने 9 अगस्त को छात्रों के समर्थन में एक दिवसीय निर्जला अनशन का ऐलान किया है। छात्र परीक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता, कथित पेपर लीक की उच्चस्तरीय जांच और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। इस मामले की जांच में अब तक 19 लोगों की गिरफ्तारी की बात सामने आई है। JPSC के पूर्व अध्यक्ष एल खियांग्ते से भी 28 जुलाई के बाद चार बार पूछताछ की जा चुकी है।
