नई दिल्ली। आज घरेलू और अंतरराष्ट्रीय बाजारों में सोने और चांदी की कीमतों में तेज उछाल देखने को मिला है। मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर सोना 152,700 रुपये प्रति 10 ग्राम और चांदी 2,55,835 रुपये प्रति किलोग्राम के स्तर पर खुली। लगातार दूसरे दिन आई इस तेजी ने निवेशकों और ज्वैलरी खरीदारों दोनों की चिंता बढ़ा दी है। पिछले कारोबारी सत्र में सोना 152,219 रुपये पर बंद हुआ था, जबकि चांदी 2,53,800 रुपये पर रही थी। इस तरह सोने में 481 रुपये और चांदी में 2,035 रुपये की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। विशेषज्ञों के अनुसार, वैश्विक बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट और अंतरराष्ट्रीय तनाव के चलते यह उतार-चढ़ाव देखने को मिल रहा है।

देश के प्रमुख शहरों में भी सोने के दाम ऊंचे स्तर पर बने हुए हैं। दिल्ली में 24 कैरेट सोना 152,290 रुपये प्रति 10 ग्राम, मुंबई में 152,460 रुपये और चेन्नई में 153,830 रुपये प्रति 10 ग्राम तक पहुंच गया है, जो सबसे अधिक है। वहीं 22 कैरेट और 18 कैरेट सोने के दाम भी समान रूप से बढ़े हैं। चांदी की बात करें तो दिल्ली, मुंबई और कोलकाता में यह 2,65,100 रुपये प्रति किलो तक पहुंच गई है, जबकि चेन्नई में यह 2,75,100 रुपये प्रति किलो दर्ज की गई। बाजार विशेषज्ञों का कहना है कि, आने वाले दिनों में कीमतों में और उतार-चढ़ाव जारी रह सकता है, इसलिए निवेशकों को सतर्क रहने की सलाह दी जा रही है।
