भ्रष्टाचार के दोषियों पर होगी सख्त कार्रवाई, किसी को नहीं बख्शेंगे: मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय

Follow Us

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा है कि छत्तीसगढ़ में भ्रष्टाचार और आर्थिक अनियमितताओं के मामलों में दोषियों के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) और आर्थिक अपराध अन्वेषण शाखा (EOW) की कार्रवाई को लेकर उन्होंने स्पष्ट किया कि जांच में जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके विरुद्ध सख्त कदम उठाए जाएंगे। किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा। मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों को प्रकाश पर्व की शुभकामनाएं देते हुए सरकार की भ्रष्टाचार के प्रति जीरो टॉलरेंस नीति दोहराई।

साय ने कहा कि पिछले तीन वर्षों से भ्रष्टाचार और आर्थिक अनियमितताओं से जुड़े मामलों में लगातार जांच और कार्रवाई की जा रही है। ACB और EOW विभिन्न प्रकरणों में आगे भी कार्रवाई जारी रखेंगे। सरकार ऐसे मामलों को गंभीरता से ले रही है और दोषियों के खिलाफ नियमानुसार कदम उठाए जा रहे हैं। गौरतलब है कि हाल ही में कोरबा में ACB ने GST असिस्टेंट कमिश्नर आंचल गिरी को रिश्वत लेने के आरोप में गिरफ्तार किया था। उन पर कबाड़ी कारोबारी की गाड़ी छोड़ने के एवज में डेढ़ लाख रुपये मांगने का आरोप है। शिकायत के आधार पर 21 नवंबर को ACB टीम ने उन्हें कथित तौर पर रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया था। गिरफ्तारी के बाद उन्हें निलंबित कर दिया गया।

आगामी नगरीय निकाय चुनावों को लेकर मुख्यमंत्री ने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में हर चुनाव का अपना महत्व होता है। पंच से लेकर प्रत्येक स्तर तक होने वाले चुनाव लोकतांत्रिक प्रक्रिया का अहम हिस्सा हैं। वहीं, देश में 50 करोड़ लोगों के गरीबी रेखा से बाहर आने के दावे पर उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार जताया। साय ने कहा कि पहले ये लोग अति गरीब की श्रेणी में थे, लेकिन अब उनकी आर्थिक स्थिति में सुधार हुआ है। यह देश के लिए बड़ी उपलब्धि है।

प्रदेश में हाथियों के विचरण और मानव-हाथी संघर्ष की घटनाओं पर मुख्यमंत्री ने इसे गंभीर समस्या बताया। उन्होंने कहा कि सरकार और वन विभाग पूरी तरह सतर्क हैं। प्रभावित क्षेत्रों में लोगों को लगातार सावधान किया जा रहा है। हाथियों की मौजूदगी और संभावित खतरे की जानकारी मोबाइल फोन के माध्यम से भी दी जा रही है, ताकि लोग समय रहते सतर्क हो सकें और अप्रिय घटनाओं को रोका जा सके।

मुख्यमंत्री ने बताया कि भिलाई, चरोदा और रिसाली नगर निगम क्षेत्रों में पूर्ण हो चुके विकास कार्यों का लोकार्पण किया जाएगा। इसके साथ ही स्वीकृत नए कार्यों का भूमिपूजन भी होगा। इन कार्यक्रमों में उप मुख्यमंत्री अरुण साव और मंत्री गजेंद्र यादव शामिल होंगे।