रोम। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपनी पांच देशों की यात्रा के आखिरी पड़ाव पर मंगलवार रात इटली की राजधानी रोम पहुंचे, जहाँ उनका स्वागत इटली के उप प्रधानमंत्री एंटोनियो ताजानी ने किया। एयरपोर्ट से सीधे पीएम मोदी अपनी खास दोस्त और इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी से मिले। दोनों नेताओं ने न सिर्फ एक साथ शानदार डिनर किया, बल्कि इसके बाद दोनों एक ही कार में सवार होकर रोम के ऐतिहासिक ‘कोलोसियम’ (Colosseum) घूमने भी निकले। प्राचीन रोमन साम्राज्य की इस ऐतिहासिक धरोहर के सामने दोनों नेताओं की ‘पावर सेल्फी’ और जबरदस्त बॉन्डिंग सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है, जिसे यूजर्स “डिप्लोमैटिक फ्रेंडशिप” का नाम दे रहे हैं। पीएम मोदी ने एक्स (X) पर तस्वीरें साझा कर मेलोनी को धन्यवाद दिया, जिसके जवाब में मेलोनी ने लिखा, “वेलकम टु रोम, माय फ्रेंड।”
इस अनौपचारिक मुलाकात के बाद आज दोनों देशों के बीच औपचारिक द्विपक्षीय वार्ता होगी। इस बैठक का मुख्य एजेंडा ‘इंडिया-मिडिल ईस्ट-यूरोप इकोनॉमिक कॉरिडोर’ (IMEC) को तेजी से आगे बढ़ाना है, जो भारत और यूरोप के बीच कनेक्टिविटी का एक बड़ा प्रोजेक्ट है। इसके अलावा दोनों नेता ‘जॉइंट स्ट्रेटेजिक एक्शन प्लान 2025-2029’ की समीक्षा करेंगे। आपको बता दें कि यूरोपीय संघ में इटली भारत का चौथा सबसे बड़ा व्यापारिक भागीदार है, और साल 2025 में दोनों देशों का आपसी व्यापार 16.77 अरब डॉलर तक पहुंच चुका है। अब दोनों सरकारों ने साल 2029 तक इस व्यापार को बढ़ाकर 20 बिलियन यूरो करने का महत्वाकांक्षी लक्ष्य रखा है। रोम यात्रा के दौरान पीएम मोदी इटली के राष्ट्रपति सर्जियो मैटारेला से भी मिलेंगे और संयुक्त राष्ट्र के खाद्य एवं कृषि संगठन (FAO) के मुख्यालय का दौरा करेंगे।
