महाराष्ट्र की सियासत में हलचल तेज: क्या ‘ऑपरेशन तुतारी’ से फिर एक होंगे एनसीपी के दोनों गुट?

Follow Us

मुंबई। महाराष्ट्र की राजनीति में एक बार फिर बड़े बदलाव की अटकलें तेज हो गई हैं। ‘ऑपरेशन तुतारी’ नाम से चर्चा में आई संभावित राजनीतिक पहल के बीच राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP) के शरद पवार और अजित पवार गुटों के बीच फिर से नजदीकियां बढ़ने की खबरें सामने आ रही हैं। सूत्रों के मुताबिक, दोनों गुटों के नेताओं के बीच पिछले कुछ समय से बातचीत का सिलसिला बढ़ा है।

हालांकि, NCP के दोनों पक्षों की ओर से अभी तक विलय या किसी नए राजनीतिक गठबंधन को लेकर कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है। चर्चा है कि, पार्टी के वरिष्ठ नेता सुनील तटकरे और प्रफुल्ल पटेल इस प्रक्रिया में अहम भूमिका निभा रहे हैं। हाल ही में नेताओं के बीच हुई मुलाकातों ने इन अटकलों को और हवा दी है। इन बैठकों में सुप्रिया सुले और जयंत पाटील जैसे नेताओं की मौजूदगी की भी बात कही जा रही है।

वहीं, अजित पवार गुट के भीतर कुछ नेताओं की नाराजगी की खबरें भी सामने आ रही हैं। राजनीतिक जानकारों का मानना है कि आगामी चुनावों और बदलते समीकरणों को देखते हुए दोनों गुट अपनी रणनीति पर विचार कर रहे हैं। हालांकि, फिलहाल यह सिर्फ राजनीतिक चर्चाओं और कयासों तक सीमित है। शरद पवार गुट और अजित पवार गुट दोनों ने विलय या NDA में शामिल होने को लेकर कोई आधिकारिक बयान नहीं दिया है।