मुंबई। पुणे के चर्चित केतन अग्रवाल हत्याकांड में अब पीड़ित परिवार ने न्याय के लिए देश के सर्वोच्च पद का दरवाजा खटखटाया है। बेटे की मौत से टूट चुके पिता विशाल अग्रवाल ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को भावुक ई-मेल भेजकर मामले की सुनवाई फास्ट ट्रैक कोर्ट में कराने की मांग की है। अपने पत्र में विशाल अग्रवाल ने लिखा कि, वह यह अपील किसी कारोबारी या प्रभावशाली व्यक्ति के तौर पर नहीं, बल्कि एक ऐसे पिता के रूप में कर रहे हैं जिसने अपना बेटा खो दिया है। उन्होंने राष्ट्रपति से आग्रह किया कि केतन का मामला सिर्फ एक सरकारी फाइल बनकर न रह जाए और दोषियों को जल्द से जल्द सजा मिले।
पिता ने बताया कि, 18 जून को उनके बेटे केतन को कथित तौर पर 400 फीट गहरी खाई में धकेल दिया गया था। इस घटना के बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। उन्होंने यह भी कहा कि, बेटे की मौत के सदमे में उनके पिता ने भी कुछ ही दिनों बाद दम तोड़ दिया। विशाल अग्रवाल ने अपने पत्र में साफ किया कि, वह किसी तरह की विशेष सुविधा या वीआईपी व्यवहार की मांग नहीं कर रहे हैं। उनकी एकमात्र मांग है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए इसकी सुनवाई तेज प्रक्रिया के तहत हो और पीड़ित परिवार को जल्द न्याय मिले। केतन हत्याकांड को लेकर पुलिस जांच और कानूनी प्रक्रिया जारी है।.
