छत्तीसगढ़ शिक्षक भर्ती परीक्षा से हटी रोक, 2,292 पदों पर भर्ती का रास्ता साफ

Follow Us

बिलासपुर। छत्तीसगढ़ में सहायक शिक्षक और शिक्षक भर्ती परीक्षा को लेकर लंबे समय से बना असमंजस अब खत्म हो गया है। हाईकोर्ट ने भर्ती परीक्षा पर लगी रोक हटा दी है। कोर्ट के इस फैसले के बाद 2,292 पदों पर भर्ती परीक्षा आयोजित करने का रास्ता साफ हो गया है। इससे परीक्षा की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों को बड़ी राहत मिली है।

मामले की सुनवाई चीफ जस्टिस कृष्णराम महापात्र और जस्टिस संतोष शर्मा की डिवीजन बेंच में हुई। याचिकाकर्ताओं ने राज्य शासन की ओर से जारी भर्ती विज्ञापन में आरक्षण रोस्टर और दिव्यांग अभ्यर्थियों के लिए तय शर्तों को चुनौती दी थी। उनका आरोप था कि भर्ती प्रक्रिया में पूर्णत: दृष्टिबाधित अभ्यर्थियों को आरक्षण का लाभ नहीं दिया गया है।

याचिकाकर्ताओं की ओर से कोर्ट में दलील दी गई कि सामान्य प्रशासन विभाग और समाज कल्याण विभाग के सर्कुलर में दिव्यांगजनों के लिए आरक्षण के प्रावधान निर्धारित हैं। इसके बावजूद भर्ती विज्ञापन में पूर्णत: दृष्टिबाधित अभ्यर्थियों को आरक्षण प्रक्रिया से बाहर रखा गया, जो उनके संवैधानिक अधिकारों का उल्लंघन है।

दृष्टिबाधित अभ्यर्थियों को आवेदन का मिला था मौका
मामले में हाईकोर्ट के निर्देश के बाद स्कूल शिक्षा विभाग ने पोर्टल खोलकर पूर्णत: दृष्टिबाधित अभ्यर्थियों को आवेदन करने का अवसर दिया था। इसके बाद भी कानूनी प्रक्रिया के चलते भर्ती परीक्षा का कार्यक्रम प्रभावित हुआ। कर्मचारी चयन आयोग ने परीक्षा आयोजन की तैयारियां पूरी कर ली थीं। पहले सहायक शिक्षक पद की परीक्षा 11 अक्टूबर और शिक्षक पद की परीक्षा 25 अक्टूबर को प्रस्तावित थी।

आंगनबाड़ी सहायिकाओं की मांगों के समर्थन में उतरे विधायक इन्द्र साव, तीन दिवसीय आंदोलन को दिया समर्थन

अब हाईकोर्ट से स्थगन हटने के बाद परीक्षा आयोजन का रास्ता साफ हो गया है। विभाग की ओर से पहले घोषित नई परीक्षा तिथियों के अनुसार परीक्षा आयोजित की जाएगी।

2,292 पदों पर होनी है भर्ती
छत्तीसगढ़ सहायक शिक्षक एवं शिक्षक भर्ती 2026 के तहत कुल 2,292 पदों पर नियुक्तियां की जानी हैं। इनमें ई-संवर्ग के 795 और टी-संवर्ग के 1,497 पद शामिल हैं। कोर्ट के फैसले के बाद अब अभ्यर्थियों को परीक्षा कार्यक्रम और आगे की भर्ती प्रक्रिया शुरू होने का इंतजार है।