दीपावली पर प्रदेश में छलका जाम, 5 दिन में 546 करोड़ की शराब बिकी

Follow Us
  • पिछले साल से 38 करोड़ ज्यादा का कारोबार, विदेशी शराब पर सबसे ज्यादा खर्च, 7 नवंबर को हुई सबसे ज्यादा बिक्री

रायपुर। (तुमेश साहू ) दीपावली के त्योहार पर छत्तीसगढ़ में शराब की बिक्री ने पिछले सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए। आबकारी विभाग के आंकड़ों के अनुसार 5 से 9 नवंबर तक महज पांच दिनों में प्रदेश में 546 करोड़ 7 लाख रुपये की शराब बिकी है। वही, पिछले साल की तुलना में यह बिक्री 38 करोड़ 10 लाख रुपये ज्यादा है, यानी कारोबार में 7.5 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई है। इस बार दीपावली पर लोगों ने देसी के मुकाबले विदेशी शराब पर ज्यादा पैसा खर्च किया। पांच दिनों में देसी शराब की बिक्री 195 करोड़ 55 लाख रुपये रही, जबकि विदेशी शराब और स्पिरिट-माल्ट की बिक्री 350 करोड़ 52 लाख रुपये से अधिक रही। विदेशी ब्रांड और बीयर की मांग में भी जबरदस्त तेजी देखने को मिली। 7 नवंबर को दीपावली के जश्न के बीच सबसे ज्यादा 124.27 करोड़ रुपये की शराब बिकी। वहीं 9 नवंबर को सालाना बढ़ोतरी सबसे ज्यादा रही। इस दिन पिछले साल के मुकाबले 12.3 प्रतिशत ज्यादा बिक्री दर्ज की गई, जिससे साफ है कि त्योहार के आखिरी दिन तक मांग बनी रही।

दिन-वार बिक्री

  • 5 नवंबर -89.80 करोड़ रुपये
  • 6 नवंबर -97.75 करोड़ रुपये
  • 7 नवंबर -124.27 करोड़ रुपये (सबसे ज्यादा)
  • 8 नवंबर -119.10 करोड़ रुपये
  • 9 नवंबर -115.13 करोड़ रुपये

देसी से ज्यादा विदेशी शराब की रही मांग

दीपावली के दौरान शराब की बिक्री के आंकड़ों में एक और दिलचस्प बात सामने आई है। प्रदेश में देसी शराब की तुलना में विदेशी शराब और स्पिरिट माल्ट श्रेणी की बिक्री अधिक रही। पांच दिनों में देसी शराब की बिक्री करीब 195 करोड़ 55 लाख रुपये दर्ज की गई। वहीं विदेशी शराब, स्पिरिट और माल्ट श्रेणी की बिक्री करीब 350 करोड़ 52 लाख रुपये रही। इससे स्पष्ट है कि त्योहार के दौरान उपभोक्ताओं ने विदेशी शराब और बीयर की खरीदारी पर अधिक खर्च किया।

पिछले साल के मुकाबले करीब 38 करोड़ रुपये ज्यादा का कारोबार

पिछले वर्ष 17 से 21 अक्टूबर के बीच दीपावली के पांच दिनों में प्रदेश में लगभग 507 करोड़ 97 लाख रुपये की शराब बिकी थी। वहीं इस वर्ष 5 से 9 नवंबर के बीच यह आंकड़ा बढ़कर 546 करोड़ रुपये से अधिक पहुंच गया। यानी एक साल में शराब की बिक्री में करीब 38 करोड़ रुपये की बढ़ोतरी हुई है। शुरुआती दिन यानी 5 नवंबर को बिक्री पिछले साल की तुलना में कम रही, लेकिन इसके बाद लगातार चार दिनों तक बिक्री में तेजी दर्ज की गई। 9 नवंबर को पिछले वर्ष की तुलना में बिक्री में सबसे ज्यादा 12.3 प्रतिशत की वृद्धि सामने आई।

आबकारी विभाग के लिए बढ़ा राजस्व, खपत पर भी चर्चा

दीपावली के पांच दिनों में शराब बिक्री के इन आंकड़ों ने प्रदेश में शराब कारोबार के बढ़ते आकार को सामने ला दिया है। एक तरफ इससे सरकार को आबकारी राजस्व के रूप में बड़ी राशि प्राप्त हुई है, वहीं दूसरी तरफ त्योहारों के दौरान शराब की बढ़ती खपत को लेकर सामाजिक और स्वास्थ्य संबंधी सवाल भी उठते हैं।