कोरबा। जिले में तेज रफ्तार और नशे में वाहन चलाने का मामला सामने आया है। गुरुवार देर रात तेज रफ्तार कार ने सड़क पर मौजूद चार मवेशियों को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में तीन मवेशियों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना उरगा थाना क्षेत्र के भैसमा पावर जनरेट ऑफिस के सामने की बताई जा रही है। हादसे के बाद मौके पर बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए और आक्रोश की स्थिति बन गई। विवाद बढ़ने की सूचना पर 112 की टीम मौके पर पहुंची और लोगों को शांत कराया।
घटना की जानकारी मिलने पर बजरंग दल के सदस्य भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने नशे की हालत में वाहन चलाने वाले चालक के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की। स्थानीय लोगों का कहना है कि नशे में तेज रफ्तार वाहन चलाने से सड़क पर मवेशियों के साथ-साथ आम लोगों की जान भी खतरे में पड़ती है। कोरबा जिले में सड़क हादसों में मवेशियों की मौत के मामले लगातार सामने आ रहे हैं। कुछ दिन पहले दर्री थाना क्षेत्र के मुख्य मार्ग पर भारी वाहन की चपेट में आने से सात मवेशियों की मौत हो गई थी। लगातार हो रही घटनाओं को लेकर स्थानीय लोगों ने मवेशियों की सुरक्षा के साथ तेज रफ्तार और नशे में वाहन चलाने वालों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।
