छत्तीसगढ़ में रफ्तार का कहर: अलग-अलग सड़क हादसों में प्रधान आरक्षक और मासूम बच्ची की मौत, बस्तर में 6 लोग घायल

Follow Us

रायपुर। छत्तीसगढ़ के अलग-अलग जिलों में तेज रफ्तार और लापरवाही का जानलेवा कहर देखने को मिला है। धमतरी, बिलासपुर और जगदलपुर में हुए तीन दर्दनाक सड़क हादसों में एक पुलिस प्रधान आरक्षक और तीन साल की मासूम बच्ची की जान चली गई, जबकि सात लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। इन घटनाओं के बाद प्रभावित परिवारों और पुलिस महकमे में शोक की लहर दौड़ गई है।

पहली दुखद घटना धमतरी के कोतवाली थाना क्षेत्र के सिहावा चौक के पास की है। यहां देर रात गश्त पर निकले प्रधान आरक्षक विजय बैरागी और नगर सैनिक दिलीप पांडे को रायपुर की तरफ से आ रही एक तेज रफ्तार पिकअप ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि विजय बैरागी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि नगर सैनिक गंभीर रूप से घायल हो गए। हैरान करने वाली बात यह है कि विजय बैरागी का जल्द ही एएसआई (ASI) पद पर प्रमोशन होने वाला था।

दूसरा दिल दहला देने वाला हादसा बिलासपुर के उसलापुर स्थित गोकनेनाला के पास हुआ। यहाँ एक कार चालक ने स्कूटी सवार को बचाने के चक्कर में अचानक इमरजेंसी ब्रेक लगा दिया। ब्रेक लगते ही आगे की सीट पर खड़ी 3 वर्षीय मासूम बच्ची मिरी लहरे और उसका 4 साल का भाई तेजी से आगे की ओर गिर पड़े। गंभीर चोट आने के कारण सिम्स अस्पताल में बच्ची ने दम तोड़ दिया, जबकि भाई का इलाज चल रहा है। वहीं, तीसरा हादसा जगदलपुर के मारेंगा के पास एनएच-63 पर हुआ, जहां शादी से लौट रहे एक परिवार की स्कॉर्पियो के ड्राइवर को झपकी आने के कारण गाड़ी अनियंत्रित होकर पलट गई। इस हादसे में वाहन सवार एक ही परिवार के छह लोग घायल हो गए, जिन्हें ग्रामीणों की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया। सभी मामलों में स्थानीय पुलिस मर्ग कायम कर जांच में जुट गई है।