नई दिल्ली। घरेलू शेयर बाजार में बुधवार सुबह भारी बिकवाली देखने को मिली, जिससे निवेशकों की संपत्ति कुछ ही मिनटों में करीब रु2.81 लाख करोड़ घट गई। बढ़ती कच्चे तेल की कीमतों और डॉलर के मुकाबले रुपए के रिकॉर्ड निचले स्तर पर पहुंचने से बाजार का सेंटीमेंट पूरी तरह बिगड़ गया। शुरुआती कारोबार में ही सेंसेक्स 670 अंकों तक लुढ़क गया, जबकि निफ्टी 23,400 के नीचे फिसल गया। सुबह करीब 9:20 बजे BSE सेंसेक्स 534 अंक टूटकर 74,666 पर कारोबार कर रहा था। वहीं निफ्टी 50 169 अंकों की गिरावट के साथ 23,449 के स्तर पर पहुंच गया।
बाजार में सबसे ज्यादा दबाव ऑटो, मेटल, PSU बैंक और रियल्टी शेयरों में देखने को मिला। मिडकैप और स्मॉलकैप इंडेक्स भी 1% तक टूट गए। बाजार खुलते ही BSE में लिस्टेड कंपनियों का कुल मार्केट कैप रु4,59,05,366 करोड़ से घटकर रु4,56,24,288 करोड़ रह गया। यानी निवेशकों की दौलत में भारी सेंध लग गई। 30 शेयरों वाले सेंसेक्स में सिर्फ टीसीएस, इंफोसिस और सन फार्मा ही हरे निशान में टिक पाए। दूसरी ओर टाटा स्टील, BEL और M&M में सबसे ज्यादा बिकवाली हुई। पूरे बाजार में गिरावट का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि 2,563 शेयरों में से 1,667 लाल निशान में कारोबार करते दिखे, जबकि केवल 777 शेयरों में तेजी रही।
