मोपका गौठान में 6 गौवंशों की मौत, लापरवाही पर सहायक पशु चिकित्सा अधिकारी हटाए गए

Follow Us

बिलासपुर। मोपका स्थित शहरी गौठान में छह गौवंशों की मौत के मामले में प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। सहायक पशु चिकित्सा क्षेत्र अधिकारी अजय कुमार राठौर को मोपका गौठान की जिम्मेदारी से हटा दिया गया है। उन्हें मूल पदस्थापना जिला पशु चिकित्सालय भेजा गया है, जबकि उनकी जगह दूजराम यादव को गौठान का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है। बताया जा रहा है कि मोपका गौठान में क्षमता से अधिक गौवंशों को एक कमरे में रखा गया था। इसी दौरान भगदड़ की स्थिति बनने से छह गायों की मौत हो गई। घटना की सूचना मिलने के बाद गौसेवा आयोग की जिला समिति के अध्यक्ष धीरेंद्र दुबे ने पशु आश्रय स्थल का औचक निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान आश्रय स्थल में करीब 300 गौवंश मिले, जिनमें छह मृत पाए गए। समिति ने गौठान प्रबंधन में लापरवाही और पशु चिकित्सा विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए मामले की जानकारी कलेक्टर, नगर निगम आयुक्त और संयुक्त संचालक पशु चिकित्सा सेवाएं को दी। साथ ही दोषी अधिकारियों और कर्मचारियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की गई। मामले को गंभीरता से लेते हुए संयुक्त संचालक पशु चिकित्सा सेवाएं ने आदेश जारी कर अजय कुमार राठौर को मोपका गौठान से हटा दिया। अब दूजराम यादव गौठान की व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी संभालेंगे।