भिलाई। नगर निगम भिलाई के पांच बार पार्षद रह चुके और युवक कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष वरिष्ठ राजनेता वशिष्ठ नारायण मिश्रा का 56 वर्ष की आयु में निधन हो गया। उनके निधन की खबर से भिलाई के राजनीतिक और सामाजिक क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। सार्वजनिक जीवन में सक्रिय रहे मिश्रा के निधन को शहर के लिए बड़ी क्षति माना जा रहा है। वशिष्ठ नारायण मिश्रा लंबे समय तक भिलाई की राजनीति से जुड़े रहे। उन्होंने नगर निगम में पांच बार पार्षद के रूप में क्षेत्र का प्रतिनिधित्व किया और युवक कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष के तौर पर संगठन में भी महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभाईं। अपने सहज व्यवहार और सरल व्यक्तित्व के कारण उनकी राजनीतिक एवं सामाजिक क्षेत्र में अलग पहचान थी।
उनके निधन पर पूर्व मंडल की ओर से मीडिया प्रभारी प्रशांत कुमार शिरसागर, गजानन बनछोर, सनी, सुधाकर रेड्डी, हरीश साहू, ब्रह्मानंद राव और मनोज साव सहित अन्य लोगों ने शोक व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि मिश्रा का निधन भिलाई के राजनीतिक और सामाजिक जीवन के लिए अपूरणीय क्षति है और उनके सार्वजनिक योगदान को लंबे समय तक याद किया जाएगा। वशिष्ठ नारायण मिश्रा का अंतिम संस्कार 27 अगस्त को रामनगर मुक्तिधाम में किया जाएगा। उनके निधन से परिजनों, समर्थकों और शुभचिंतकों में गहरा दुख है। शोकाकुल लोगों ने दिवंगत आत्मा की शांति और परिवार को इस कठिन समय में संबल प्रदान करने की प्रार्थना की।
