नई दिल्ली/इस्लामाबाद। शंघाई सहयोग संगठन (SCO) के 2027 शिखर सम्मेलन की मेजबानी को लेकर भारत और पाकिस्तान के बीच कूटनीतिक हलचल तेज हो गई है। पाकिस्तान के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ताहिर अंद्राबी ने पुष्टि की है कि, इस्लामाबाद में होने वाले इस हाई-प्रोफाइल सम्मेलन के लिए भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सहित सभी सदस्य देशों के राष्ट्राध्यक्षों को औपचारिक निमंत्रण भेजा जाएगा। पाकिस्तानी विदेश मंत्रालय के अनुसार, SCO के तय प्रोटोकॉल के तहत मेजबान देश होने के नाते भारत समेत सभी 10 सदस्य देशों को आमंत्रित करना उनका कूटनीतिक दायित्व है।
क्या पाक जाएंगे पीएम मोदी? प्रधानमंत्री मोदी इस्लामाबाद का दौरा करेंगे या नहीं, इस पर सस्पेंस बरकरार है। भारत सरकार ने इस निमंत्रण और पीएम मोदी की यात्रा को लेकर फिलहाल कोई आधिकारिक बयान नहीं दिया है। गौरतलब है कि SCO प्रोटोकॉल के तहत किसी देश का प्रतिनिधित्व उसके प्रधानमंत्री, विदेश मंत्री या अन्य वरिष्ठ प्रतिनिधि भी कर सकते हैं। क्षेत्रीय शांति, सुरक्षा और व्यापार को बढ़ावा देने के लिए 2001 में स्थापित हुए इस शक्तिशाली मंच में भारत, चीन, रूस, पाकिस्तान और ईरान जैसे देश शामिल हैं। अब देखना होगा कि भारत इस न्योते पर क्या रुख अपनाता है।
