धमतरी। जिले के कोलियारी स्थित शासकीय प्राथमिक एवं माध्यमिक स्कूल परिसर में असामाजिक तत्वों की गतिविधियों ने गंभीर स्थिति पैदा कर दी है। हालात ऐसे हो गए हैं कि स्कूल परिसर अब कथित तौर पर शराबियों का अड्डा बन चुका है। इसी लापरवाही का खामियाजा एक मासूम बच्चे को भुगतना पड़ा, जो परिसर में पड़ी शराब की टूटी बोतल की चपेट में आकर लहूलुहान हो गया।
घटना के बाद ग्रामीणों में भारी आक्रोश है। उनका आरोप है कि लंबे समय से स्कूल परिसर में असामाजिक गतिविधियां चल रही हैं, लेकिन रोकथाम के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाए गए। ग्रामीणों का कहना है कि शाम होते ही परिसर में शराबखोरी, चोरी और तोड़फोड़ जैसी घटनाएं आम हो गई हैं। जगह-जगह टूटी बोतलें और कांच बिखरे पड़े रहते हैं, जिससे बच्चों की सुरक्षा खतरे में है।
अभिभावकों ने स्कूल प्रशासन पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि प्राचार्य द्वारा न तो स्थिति सुधारने के लिए कोई कदम उठाया गया और न ही मामले में स्पष्ट जवाब दिया गया। इससे लोगों का गुस्सा और बढ़ गया है।
मामला तूल पकड़ने के बाद प्रशासन हरकत में आया है। कलेक्टर ने इसे गंभीर सुरक्षा चूक मानते हुए स्कूल प्राचार्य को कारण बताओ नोटिस जारी करने की बात कही है। ग्रामीणों ने स्कूल परिसर की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और असामाजिक तत्वों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है। अब देखना होगा कि प्रशासनिक कार्रवाई के बाद क्या स्कूल परिसर का माहौल सुरक्षित हो पाता है या नहीं, या फिर बच्चों की सुरक्षा यूं ही खतरे में बनी रहती है।
