छत्तीसगढ़ में चक्रवात अकवान का दिखेगा असर, 20-21 नवंबर को दक्षिणी इलाकों में भारी बारिश के आसार

Follow Us
रायपुर। बंगाल की खाड़ी में बन रहे चक्रवाती तूफान अकवान के प्रभाव से छत्तीसगढ़ के मौसम में बदलाव होने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार, प्रदेश के दक्षिणी हिस्सों में 20 और 21 नवंबर को भारी बारिश हो सकती है। वहीं रायपुर, दुर्ग और बिलासपुर सहित कुछ क्षेत्रों में हल्की बारिश होने के आसार हैं।

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, बंगाल की खाड़ी में बना गहरा अवदाब 17 नवंबर की शाम तक चक्रवाती तूफान का रूप ले सकता है। इसके बाद इसके और मजबूत होने की संभावना है। अनुमान है कि तूफान उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ते हुए 19 नवंबर तक आंध्र प्रदेश के तट के पास पहुंच सकता है। 20 नवंबर को इसके आंध्र प्रदेश और यानम के तटों को पार करने की संभावना जताई गई है।

राजधानी रायपुर में 17 नवंबर को मौसम साफ रहने का अनुमान है। यहां अधिकतम तापमान करीब 31 डिग्री और न्यूनतम तापमान 18 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है। फिलहाल राजधानी में मौसम में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है। पिछले 24 घंटों के दौरान छत्तीसगढ़ में मौसम शुष्क रहा और कहीं भी उल्लेखनीय बारिश दर्ज नहीं की गई। इस दौरान राजनांदगांव में सबसे अधिक 32 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान रिकॉर्ड किया गया। वहीं अंबिकापुर में न्यूनतम तापमान 13 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।

मौसम विभाग ने फिलहाल प्रदेश के लिए कोई चेतावनी जारी नहीं की है, लेकिन अगले दो दिनों के बाद बारिश की गतिविधियां बढ़ने का अनुमान है। एक-दो स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश भी हो सकती है। बंगाल की खाड़ी में पिछले 25 दिनों के भीतर तीसरे तूफान की गतिविधियां सामने आई हैं। समुद्र के पानी का तापमान और अनुकूल मौसमी परिस्थितियां चक्रवात बनने में सहायक हो रही हैं। इसके प्रभाव से छत्तीसगढ़ के अलावा आसपास के राज्यों के मौसम में भी बदलाव देखने को मिल सकता है।