लोक आस्था, तपस्या और समर्पण का महापर्व छठ पूजा में शामिल हुए नगर पालिका अध्यक्ष अश्वनी शर्मा

Follow Us

o झूलेलाल सरोवर में अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य अर्पित कर की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना

भाटापारा। भारतीय संस्कृति, लोक आस्था, श्रद्धा और आध्यात्मिक समर्पण के महापर्व छठ पूजा के पावन अवसर पर माता देवालय वार्ड स्थित झूलेलाल सरोवर में छत्तीसगढ़ पाटलीपुत्र कल्याण समिति, भाटापारा द्वारा भव्य छठ पूजा आयोजन किया गया। इस अवसर पर नगर पालिका परिषद भाटापारा के अध्यक्ष अश्वनी शर्मा शामिल हुए। उन्होंने छठी मैया एवं भगवान सूर्यदेव की विधिवत पूजा-अर्चना कर अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य अर्पित किया तथा नगरवासियों के सुख, शांति, समृद्धि, उत्तम स्वास्थ्य एवं खुशहाली की मंगलकामना की।

कार्यक्रम के दौरान शर्मा ने छठ व्रतियों एवं श्रद्धालुजनों समिति सदस्यों से आत्मीय मुलाकात कर उन्हें छठ महापर्व की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। सरोवर तट पर पारंपरिक छठ गीतों, दीपों की रोशनी और श्रद्धालुओं की अपार आस्था से पूरा वातावरण भक्तिमय एवं आध्यात्मिक ऊर्जा से सराबोर नजर आया। इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष अश्वनी शर्मा ने अपने वक्तव्य में कहा कि *छठ महापर्व केवल धार्मिक अनुष्ठान नहीं, बल्कि हमारी समृद्ध भारतीय संस्कृति, प्रकृति के प्रति कृतज्ञता, अनुशासन, त्याग, तपस्या और पारिवारिक संस्कारों का अनुपम प्रतीक है।* यह पर्व हमें भगवान सूर्यदेव के प्रति आभार व्यक्त करने के साथ-साथ प्रकृति और पर्यावरण के संरक्षण का भी संदेश देता है।

आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की आज से तीन दिवसीय हड़ताल

उन्होंने कहा कि छठ व्रतियों द्वारा कठिन नियमों का पालन करते हुए पूरी श्रद्धा और निष्ठा के साथ की जाने वाली उपासना भारतीय नारी शक्ति के धैर्य, संकल्प और समर्पण का अद्भुत उदाहरण है। अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य अर्पित करने से लेकर उदीयमान सूर्य की उपासना तक, छठ पर्व जीवन में सकारात्मकता, संयम, पवित्रता और निरंतर कर्मशील रहने की प्रेरणा प्रदान करता है। शर्मा ने आगे कहा कि भाटापारा नगर की पहचान उसकी सांस्कृतिक विविधता, सामाजिक समरसता और आपसी भाईचारे से है। छठ पूजा जैसे पर्व समाज के विभिन्न वर्गों को एक सूत्र में पिरोने तथा हमारी सांस्कृतिक विरासत को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण कार्य करते हैं। ऐसे धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजनों से समाज में एकता, सद्भाव और सहयोग की भावना और अधिक मजबूत होती है।

उन्होंने छत्तीसगढ़ पाटलीपुत्र कल्याण समिति के अनिल सिंह ,डी के मिश्रा राजेन्द्र प्रजापति ,टी एन झा हेमंत पंडित,संतोष सिंह,धनंजय यादव, वी के मिश्रा,रवि शर्मा मनोज प्रजापति, भाटापारा के सभी पदाधिकारियों एवं सदस्यों को सुंदर और व्यवस्थित आयोजन के लिए बधाई देते हुए कहा कि नगर पालिका परिषद नगर की सांस्कृतिक एवं धार्मिक परंपराओं के संरक्षण और संवर्धन के लिए सदैव सकारात्मक सहयोग प्रदान करती रहेगी। अंत में नगर पालिका अध्यक्ष ने छठी मैया एवं भगवान सूर्यदेव से प्रार्थना करते हुए कहा कि यह पावन पर्व प्रत्येक परिवार के जीवन में सुख-समृद्धि, आरोग्य, शांति और खुशहाली लेकर आए तथा भाटापारा नगर निरंतर उन्नति एवं विकास के पथ पर अग्रसर रहे।

अमेरिका प्रवास में न्यूयॉर्क और शिकागो में छात्रों से संवाद करेंगे राहुल गांधी