रायपुर के MG रोड पर चौपाटियों के लिए नए नियम लागू करने की तैयारी, रात 9 से 1 बजे तक ही मिलेगा संचालन का समय

Follow Us

रायपुर। राजधानी के MG रोड पर रात में लगने वाली चौपाटियों को लेकर प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। सड़क पर जाम, बेतरतीब पार्किंग और गंदगी की शिकायतों के बाद ट्रैफिक पुलिस और नगर निगम ने संचालन के लिए नए नियम तय किए हैं। इसके तहत अब चौपाटियां रात 9 बजे से सुबह 1 बजे तक ही लगाई जा सकेंगी। नियमों का उल्लंघन करने पर संचालकों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। यातायात सभागार में पुलिस, नगर निगम, MG रोड व्यापारी संघ और चौपाटी संचालकों की संयुक्त बैठक में इन व्यवस्थाओं पर चर्चा की गई। अधिकारियों ने बताया कि चौपाटियों की वजह से सड़क पर यातायात प्रभावित हो रहा है। इससे स्थायी दुकानदारों और आम राहगीरों को भी परेशानी उठानी पड़ रही है।

बैठक में ट्रैफिक डीसीपी डॉ. अर्चना झा ने स्पष्ट किया कि चौपाटी संचालक स्थायी दुकानदारों पर दुकान बंद करने का दबाव नहीं बना सकेंगे। किसी दुकानदार से विवाद करने की भी अनुमति नहीं होगी। अस्थायी दुकानें संबंधित स्थायी दुकानों के शटर बंद होने के बाद ही लगाई जा सकेंगी। नई व्यवस्था के तहत सड़क और फुटपाथ पर ग्राहकों के बैठने के लिए कुर्सी-टेबल लगाना प्रतिबंधित रहेगा। चौपाटी संचालकों को ग्राहकों के वाहनों की पार्किंग की जिम्मेदारी खुद संभालनी होगी। मुख्य सड़क या यातायात में बाधा पैदा करने वाली जगहों पर वाहन खड़े नहीं कराए जा सकेंगे।

साफ-सफाई को लेकर भी संचालकों को जिम्मेदार बनाया गया है। उन्हें गीले और सूखे कचरे के लिए अलग-अलग डस्टबिन रखने होंगे। दुकान बंद करने के बाद आसपास की सफाई करना अनिवार्य होगा। सड़क, नाली और सार्वजनिक स्थानों पर कचरा फेंकने की अनुमति नहीं रहेगी। नगर निगम और ट्रैफिक पुलिस की टीमें इन नियमों पर नजर रखेंगी। नगर निगम अधिकारियों को सफाई व्यवस्था की नियमित जांच करने के निर्देश दिए गए हैं। वहीं व्यापारी संघ से स्थायी दुकानदारों और चौपाटी संचालकों के बीच समन्वय बनाए रखने को कहा गया है। चौपाटी संचालकों ने बैठक में नियमों का पालन करने की सहमति दी है। अधिकारियों ने चेतावनी दी कि नियमों की अनदेखी या दोबारा शिकायत मिलने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। जरूरत पड़ने पर संबंधित चौपाटी का संचालन स्थायी रूप से बंद भी कराया जा सकता है।