बच्चों से भरी स्कूल बस खेत में पलटी, हादसे में कई छात्र घायल

Follow Us

बेमेतरा। जिले में सोमवार सुबह एक स्कूल बस अनियंत्रित होकर खेत में पलट गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। बस में सवार कई बच्चों को चोटें आई हैं, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जानकारी के अनुसार, ज्ञानोदय पब्लिक स्कूल की बस क्रमांक CG 25 A 0218 में करीब 17 से 18 बच्चे सवार थे। बस सिंघपुर-झाल मार्ग पर खड़सरा और झाल के बीच पहुंची, तभी अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खेत में पलट गई।

हादसे के बाद आसपास मौजूद ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे और ड्राइवर-कंडक्टर की मदद से बस में फंसे बच्चों को बाहर निकाला। इसके बाद घायल छात्रों को इलाज के लिए निजी अस्पतालों में ले जाया गया। घटना के बाद अभिभावकों में भी चिंता का माहौल है। हादसे ने एक बार फिर स्कूल बसों की फिटनेस, ड्राइवरों की सतर्कता और बच्चों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। मामले में दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।