मुंबई। भारतीय सिनेमा के इतिहास में ‘घायल’, ‘दामिनी’ और ‘घातक’ जैसी कल्ट क्लासिक फिल्में देने वाली निर्देशक राजकुमार संतोषी और अभिनेता सनी देओल की आइकॉनिक जोड़ी पूरे 30 साल बाद बड़े पर्दे पर वापसी कर रही है। आमिर खान प्रोडक्शंस के बैनर तले बन रही बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘बंटवारा 1947’ का पहला मोशन पोस्टर जारी कर दिया गया है, जिसमें सनी देओल का बेहद इंटेंस और दमदार लुक सामने आया है। गुस्से, गहरे जज्बात और देशभक्ति के पक्के इरादे से भरा यह मोशन पोस्टर रिलीज होते ही सोशल मीडिया पर छा गया है।
यह फिल्म भारत-पाकिस्तान के विभाजन की उस दर्दनाक और ऐतिहासिक कहानी को बयां करेगी, जिसने करोड़ों जिंदगियां बदल दीं। फिल्म की कहानी एक ऐसे निडर नायक के इर्द-गिर्द बुनी गई है, जो नफरत और खौफ के उस भयानक दौर में भी इंसानियत और साहस का रास्ता चुनता है। इस मेगा प्रोजेक्ट में शबाना आजमी, प्रीति जिंटा, करण देओल, अली फजल, अभिमन्यु सिंह, खुशी हजारे और कनिका कपूर जैसे दिग्गज कलाकारों की फौज नजर आएगी।
फिल्म को भव्य बनाने के लिए परदे के पीछे भी महारथियों को जोड़ा गया है। इसका दिल को छू लेने वाला संगीत ऑस्कर विजेता ए.आर. रहमान ने तैयार किया है, जबकि इसके गहरे और संजीदा बोल मशहूर गीतकार जावेद अख्तर ने लिखे हैं। आमिर खान और अपर्णा पुरोहित द्वारा निर्मित यह फिल्म देश के विभाजन के ऐतिहासिक दिन को याद करते हुए 14 अगस्त 2026 को सिनेमाघरों में दस्तक देने के लिए पूरी तरह तैयार है।
