बिलासपुर में ढाबे पर चाकू की नोक पर लूट, विरोध करने पर कर्मचारी से मारपीट; तीन आरोपी गिरफ्तार

Follow Us

बिलासपुर। न्यायधानी बिलासपुर के रतनपुर थाना क्षेत्र में नेशनल हाईवे स्थित गहलोत ढाबे में आधी रात चाकू की नोक पर लूट की वारदात सामने आई है। बदमाशों ने जान से मारने की धमकी देकर ढाबे के गल्ले से नकदी लूट ली। विरोध करने पर कर्मचारी के साथ डंडे, स्टील पाइप और मुक्कों से बेरहमी से मारपीट की गई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

जानकारी के अनुसार, नवापारा स्थित गहलोत ढाबे में देर रात तीन युवक पहुंचे और शराब की मांग करने लगे। ढाबा संचालक द्वारा शराब देने से इनकार करने पर विवाद शुरू हो गया। इसी दौरान आरोपियों ने चाकू निकालकर कर्मचारियों को धमकाया। बीच-बचाव करने पहुंचे कर्मचारी विजेंद्र कमल पर आरोपियों ने डंडे, स्टील पाइप और मुक्कों से हमला कर दिया। इसके बाद तीनों आरोपी ढाबे के गल्ले से 4,500 रुपये लूटकर फरार हो गए।

घटना की सूचना मिलते ही एसएसपी रजनेश सिंह ने तत्काल आरोपियों की गिरफ्तारी के निर्देश दिए। थाना प्रभारी निलेश पाण्डेय के नेतृत्व में पुलिस टीम ने रात में ही करैहापारा क्षेत्र में दबिश देकर तीनों आरोपियों को कुछ ही घंटों में गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटी गई 4,500 रुपये की नकदी बरामद कर ली है। वारदात में इस्तेमाल किया गया चाकू, लाठी, स्टील पाइप और अन्य साक्ष्य भी जब्त किए गए हैं। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान विकास उर्फ विक्कू रावत, शनि उर्फ राजा कश्यप और ब्यासनारायण उर्फ छोटू के रूप में हुई है। तीनों के खिलाफ रतनपुर थाना में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं तथा आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है।