देश के कई राज्यों में भारी बारिश का खतरा: आईएमडी का अलर्ट, दिल्ली-एनसीआर में तबाही के बाद बढ़ी चिंता

Follow Us

नई दिल्ली। मानसून ने एक बार फिर देश के कई हिस्सों में अपना रौद्र रूप दिखाना शुरू कर दिया है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने शनिवार को कई राज्यों में भारी से बहुत भारी बारिश, तेज हवाओं, आंधी और बिजली गिरने की चेतावनी जारी की है। ऐसे में लोगों को मौसम की स्थिति देखकर ही घर से बाहर निकलने की सलाह दी गई है। उत्तर भारत में हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में भारी बारिश की संभावना है। दिल्ली, हरियाणा और चंडीगढ़ में भी बारिश का दौर जारी रह सकता है। पूर्वी राजस्थान में भारी से बहुत भारी बारिश का अलर्ट है, जबकि उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में भी तेज बारिश हो सकती है।

पूर्वी और पूर्वोत्तर भारत में ओडिशा, पश्चिम बंगाल, सिक्किम, बिहार, असम, मेघालय और अरुणाचल प्रदेश में भारी बारिश की आशंका जताई गई है। दक्षिण भारत में कर्नाटक के तटीय और आंतरिक हिस्सों के अलावा केरल और आंध्र प्रदेश में भी मौसम बिगड़ सकता है। इससे पहले शुक्रवार को दिल्ली-NCR में भारी बारिश के कारण कई सड़कें और अंडरपास जलमग्न हो गए थे। एमबी रोड समेत कई प्रमुख रास्तों पर यातायात प्रभावित हुआ। मौसम विभाग ने समुद्र में खराब हालात को देखते हुए मछुआरों को भी सावधानी बरतने की सलाह दी है।