चावल कारोबारी हत्याकांड का खुलासा, कारोबार में जलन के चलते दोस्त ने कैंची-पाना से की थी हत्या

Follow Us

धमतरी। छत्तीसगढ़ के धमतरी में चावल कारोबारी नीरज साहू हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने मामले में मृतक के साथी को गिरफ्तार किया है। पूछताछ में आरोपी ने कबूल किया कि कारोबार में बढ़ती प्रतिस्पर्धा और जलन के कारण उसने नीरज की हत्या की थी। मामला 22 जुलाई का है, जब नारी महानदी पुल के मुख्य मार्ग पर नीरज साहू (27) का खून से लथपथ शव मिला था। मृतक के गले और माथे पर गंभीर चोट के निशान पाए गए थे। घटनास्थल पर ही उसकी बोलेरो पिकअप वाहन भी खड़ी मिली थी।

घटना की गंभीरता को देखते हुए एसपी भावना पांडे के निर्देश पर कुरूद, मगरलोड पुलिस और साइबर टीम की संयुक्त टीम गठित की गई। पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और तकनीकी व वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ाई। जांच के दौरान पुलिस संदेही बिरेंद्र कुमार साहू निवासी सांकरा, थाना मगरलोड तक पहुंची। पूछताछ में आरोपी बिरेंद्र ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया। उसने बताया कि वह और नीरज साहू दोनों चावल का व्यापार करते थे। नीरज का कारोबार तेजी से बढ़ रहा था और उसकी कमाई भी अधिक थी, जिससे आरोपी के मन में उसके प्रति ईर्ष्या और रंजिश पैदा हो गई थी।

आरोपी ने बताया कि इसी रंजिश के चलते उसने सुनसान इलाके में नारी महानदी पुल के पास नीरज को रोककर कैंची और पाना से हमला कर उसकी हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल किए गए हथियार भी बरामद कर लिए हैं। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि गंभीर अपराधों में तकनीकी जांच और वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।