उमस के बीच राहत की दस्तक: रायपुर समेत कई इलाकों में गरज-चमक और बारिश के आसार

Follow Us

रायपुर। छत्तीसगढ़ में भीषण गर्मी के बीच मौसम ने करवट ली है। बंगाल की खाड़ी से आ रही नमी के असर से प्रदेश के कई इलाकों में गरज-चमक के साथ हल्की बारिश और तेज हवाओं की संभावना बनी हुई है। मौसम विभाग ने अगले तीन दिनों में तापमान 2 से 3 डिग्री तक गिरने के संकेत दिए हैं, जिससे लोगों को गर्मी से थोड़ी राहत मिल सकती है। पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश के कुछ क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई।

दुर्ग में सर्वाधिक तापमान 43.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ, जबकि अंबिकापुर सबसे ठंडा रहा, जहां न्यूनतम तापमान 23.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हालांकि तापमान में गिरावट आई है, लेकिन नमी बढ़ने से उमस और चिपचिपी गर्मी लोगों को परेशान कर रही है। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, पश्चिमी विक्षोभ, चक्रीय परिसंचरण और द्रोणिका के प्रभाव से प्रदेश में मौसम सक्रिय बना हुआ है।

दक्षिणी छत्तीसगढ़ में बंगाल की खाड़ी से नमी पहुंचने के कारण एक-दो स्थानों पर बारिश, अंधड़ और वज्रपात के हालात बन सकते हैं। राजधानी रायपुर में सुबह मौसम साफ रहने की संभावना है, लेकिन दोपहर बाद बादल छा सकते हैं। गरज-चमक के साथ छींटे पड़ने की भी संभावना जताई गई है। आज रायपुर का अधिकतम तापमान 43 डिग्री और न्यूनतम 27 डिग्री सेल्सियस रह सकता है। मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है।