भीषण गर्मी से राहत! छत्तीसगढ़ में बदला मौसम, अगले 5 दिन बारिश-आंधी का अलर्ट

Follow Us

रायपुर। तपती गर्मी से जूझ रहे छत्तीसगढ़ वासियों के लिए राहत भरी खबर है। प्रदेश में मौसम ने करवट ले ली है और अब कई इलाकों में बादल, तेज हवाएं और हल्की बारिश का दौर शुरू हो गया है। दक्षिण के साथ-साथ अब मध्य क्षेत्रों में भी अंधड़ और बारिश देखने को मिल रही है, जिससे तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। पिछले 24 घंटों में कुछ स्थानों पर हल्की वर्षा हुई, जबकि दुर्ग सबसे गर्म रहा जहां तापमान 43.6 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचा।

वहीं अंबिकापुर में न्यूनतम तापमान 24.1 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले 5 दिनों तक प्रदेश के सभी संभागों में कहीं-कहीं गरज-चमक, तेज हवाएं (40-50 किमी/घंटा) और हल्की बारिश की संभावना है। कुछ जगहों पर वज्रपात का खतरा भी बना हुआ है। राजधानी रायपुर में आज आसमान में बादल छाए रहेंगे और गरज के साथ हल्की बारिश हो सकती है।

अधिकतम तापमान करीब 42 डिग्री और न्यूनतम 30 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, पश्चिमी विक्षोभ, चक्रवाती परिसंचरण और द्रोणिका जैसी सक्रिय मौसम प्रणालियों के कारण यह बदलाव हो रहा है। इनकी वजह से प्रदेश में मौसम अस्थिर बना रहेगा और गर्मी से आंशिक राहत मिलती रहेगी। अगले कुछ दिन सतर्क रहने की जरूरत है, खासकर तेज हवाओं और बिजली गिरने की संभावनाओं को देखते हुए।