दुर्ग। कक्षा 10वीं की छात्रा साक्षी देवांगन ने 96.8 प्रतिशत अंक प्राप्त कर दुर्ग जिले में 8वीं रैंक हासिल की है। वहीं कक्षा 12वीं की छात्रा दीक्षा देवांगन ने 90.4 प्रतिशत अंक अर्जित कर उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है। आज शांति नगर (पटरीपार) में मेधावी छात्राओं की सफलता पर दुर्ग के विधायक रहे वरिष्ठ कांग्रेस नेता अरुण वोरा उनके निवास पहुँचे और दोनों छात्राओं का अभिनंदन किया। उन्होंने कहा कि साक्षी और दीक्षा की यह उपलब्धि न केवल उनके परिवार बल्कि पूरे क्षेत्र के लिए गर्व की बात है। उनकी मेहनत, अनुशासन और समर्पण अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणास्रोत हैं। अरुण वोरा ने दोनों छात्राओं को छत्तीसगढ़ी गमछा पहनाकर सम्मानित किया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। साथ ही उन्होंने अभिभावकों को भी बधाई देते हुए कहा कि बच्चों की सफलता में परिवार का महत्वपूर्ण योगदान होता है।

