नई दिल्ली। पैकेज्ड फूड खाने वालों के लिए जल्द ही पैकेट पर साफ स्वास्थ्य चेतावनी दिखाई दे सकती है। भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (FSSAI) ने सुप्रीम कोर्ट के समक्ष ऐसे खाद्य उत्पादों पर लाल रंग का फ्रंट-ऑफ-पैक चेतावनी लेबल लगाने का प्रस्ताव रखा है, जिनमें चीनी, नमक या फैट की मात्रा अधिक हो। प्रस्तावित व्यवस्था में लाल रंग के हेक्सागोन के भीतर ‘उच्च चीनी’, ‘उच्च नमक’, ‘उच्च वसा’ या ‘अत्यधिक मीठा पेय’ जैसी चेतावनी दी जा सकती है। इसका उद्देश्य ग्राहकों को पैकेट खोलने से पहले ही उत्पाद की पोषण संबंधी स्थिति समझने में मदद करना है।
यह मुद्दा सुप्रीम कोर्ट में स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं की याचिकाओं के बाद प्रमुखता से उठा। अदालत ने FSSAI की देरी पर नाराजगी जताते हुए खासकर बच्चों के स्वास्थ्य को लेकर स्पष्ट पोषण चेतावनियों की जरूरत बताई थी और केंद्र से अंतिम रुख रखने को कहा था। प्रस्ताव को लेकर खाद्य उद्योग की चिंताएं भी सामने आती रही हैं, जबकि स्वास्थ्य विशेषज्ञ इसे उपभोक्ताओं को अधिक जागरूक बनाने की दिशा में अहम कदम मानते हैं। फिलहाल यह प्रस्ताव है; अंतिम नियम और उसके लागू होने की प्रक्रिया आगे तय होगी।
दिल्ली-एनसीआर में सीएनजी महंगी: 3.89 रुपये बढ़े दाम, आज से लागू नई कीमत
