महिला यात्री का मोबाइल चोरी करने वाला रैपिडो चालक गिरफ्तार

Follow Us

रायपुर। पुरानी बस्ती थाना क्षेत्र में महिला यात्री के दो मोबाइल फोन चोरी करने वाले रैपिडो चालक को पुलिस ने घटना के चंद घंटों के भीतर गिरफ्तार कर लिया। एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट तथा थाना पुरानी बस्ती पुलिस की संयुक्त टीम ने आरोपी के कब्जे से चोरी किए गए दो मोबाइल फोन, घटना में प्रयुक्त एक मोबाइल फोन और दोपहिया वाहन, कुल करीब 1.20 लाख रुपये का मशरूका जब्त किया है।

पुलिस के अनुसार, भीम नगर पुरानी बस्ती निवासी महिला ने थाना पुरानी बस्ती में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 16 अगस्त 2026 को शाम करीब 4:15 बजे उसने सिंचाई कॉलोनी, सिविल लाइन से रैपिडो एप के माध्यम से वाहन बुक किया था। वह शास्त्री चौक से आमापारा चौक होते हुए भीम नगर पहुंची। फल खरीदने के बाद फलों से भरा बैग भारी होने के कारण उसने उसे वाहन चालक के पैर के पास रख दिया था। बैग में उसके दो मोबाइल फोन भी रखे हुए थे।
भीम नगर पहुंचने पर महिला वाहन से उतरकर सामान निकाल रही थी। इसी दौरान रैपिडो चालक वाहन लेकर वहां से फरार हो गया। महिला ने चालक को रोकने का प्रयास किया, लेकिन वह नहीं रुका और दूसरी गली की ओर भाग गया। चोरी किए गए दोनों मोबाइल फोन की कुल कीमत करीब 40 हजार रुपये बताई गई।


Read more :- 47 लीटर महुआ शराब के साथ शराब कोचिया गिरफ्तार, भटगांव पुलिस की कार्रवाई


प्रार्थिया की रिपोर्ट पर थाना पुरानी बस्ती में अज्ञात आरोपी के विरुद्ध अपराध क्रमांक 411/2026, धारा 304(2) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज किया गया।
घटना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस उपायुक्त (क्राइम एंड साइबर) स्मृतिक राजनाला एवं पुलिस उपायुक्त (पश्चिम क्षेत्र) रॉबिन्सन गुडिय़ा ने अधीनस्थ अधिकारियों एवं थाना प्रभारियों को आरोपी की जल्द पतासाजी कर गिरफ्तारी के निर्देश दिए।

वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट तथा थाना पुरानी बस्ती पुलिस की संयुक्त टीम ने प्रार्थिया से विस्तृत पूछताछ की और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। पुलिस ने घटनास्थल तथा आरोपी के संभावित आने-जाने वाले मार्गों पर लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। इसके साथ ही रैपिडो एप के माध्यम से बुक किए गए वाहन और चालक की तकनीकी जानकारी के आधार पर भी जांच आगे बढ़ाई गई।

तकनीकी साक्ष्यों, वाहन की पहचान और सीसीटीवी फुटेज के विश्लेषण के आधार पर पुलिस को आरोपी चालक के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी मिली। इसके बाद पुलिस ने नरेन्द्र सिंह को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में आरोपी ने महिला यात्री के मोबाइल फोन चोरी करने की घटना को अंजाम देना स्वीकार किया।


Read more :- राजधानी से रोजगारधानी की ओर बढ़ता नवा रायपुर


पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी किए गए दो मोबाइल फोन, घटना में प्रयुक्त एक मोबाइल फोन तथा दोपहिया वाहन, कुल करीब 1,20,000 रुपये कीमत का मशरूका जब्त किया है। मामले में आरोपी को गिरफ्तार कर उसके विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की गई।
गिरफ्तार आरोपी: नरेन्द्र सिंह, पिता दिनेश सिंह, उम्र 25 वर्ष, निवासी रामसागरपारा, थाना सीएसईबी, जिला कोरबा; वर्तमान पता श्रीनगर, गुढिय़ारी, थाना गुढिय़ारी, रायपुर।