रायपुर। रायपुर पश्चिम विधानसभा क्षेत्र के विप्र नगर (रायपुरा) में रु.1.20 करोड़ की लागत से निर्मित महतारी सदन और महिला योग भवन एवं जुंबा सेंटर का लोकार्पण सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने किया। इस अवसर पर विधायक राजेश मूणत, महापौर मीनल चौबे सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, कार्यकर्ता और स्थानीय नागरिक मौजूद रहे। परियोजना के तहत रु.80 लाख की लागत से बने महतारी सदन में आर्थिक रूप से कमजोर और मध्यमवर्गीय परिवारों के बच्चों के लिए आधुनिक प्ले स्कूल और डे-केयर सेंटर की सुविधा उपलब्ध कराई गई है। वहीं रु.40 लाख की लागत से तैयार महिला योग भवन एवं जुंबा सेंटर महिलाओं के स्वास्थ्य और फिटनेस को बढ़ावा देने के उद्देश्य से स्थापित किया गया है।
सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि यह परियोजना सामाजिक विकास और जनकल्याण का उत्कृष्ट उदाहरण है। उन्होंने कहा कि बच्चों की शिक्षा और महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए किए गए ऐसे प्रयास समाज में सकारात्मक बदलाव लाएंगे। विधायक राजेश मूणत ने कहा कि विकास का वास्तविक अर्थ समाज के अंतिम व्यक्ति तक सुविधाएं पहुंचाना है। उन्होंने बताया कि महतारी सदन के माध्यम से बच्चों को बेहतर शिक्षा और महिला योग भवन के जरिए मातृशक्ति को स्वास्थ्य संबंधी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। महापौर मीनल चौबे ने भी इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि यह परिसर महिलाओं और बच्चों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। नगर निगम द्वारा इसके बेहतर संचालन और रखरखाव के लिए आवश्यक सहयोग दिया जाएगा। कार्यक्रम के दौरान क्षेत्र में उत्साह का माहौल देखने को मिला और बड़ी संख्या में लोगों ने इस जनहितकारी पहल का स्वागत किया।
