रायपुर। राजधानी रायपुर में ट्रैफिक जाम की समस्या से तेजी से निपटने के लिए पुलिस की क्विक रिस्पॉन्स टीम (QRT) को 10 नई हाई-स्पीड बाइक्स उपलब्ध कराई गई हैं। आधुनिक सुविधाओं से लैस इन बाइक्स की मदद से ट्रैफिक पुलिस अब भीड़भाड़ वाले इलाकों में तेजी से पहुंचकर जाम को जल्द से जल्द क्लियर करेगी। नई बाइक्स मिलने के बाद क्यूआरटी टीमों को सदर बाजार, रामसागरपारा, तात्यापारा सहित शहर के अन्य व्यस्त और संवेदनशील क्षेत्रों में पहुंचने में आसानी होगी। सभी बाइक्स में इमरजेंसी लाइट और सायरन जैसी आधुनिक सुविधाएं दी गई हैं, जिससे ट्रैफिक जाम के दौरान भी टीम बिना देरी के घटनास्थल तक पहुंच सकेगी।
पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला ने पुलिस कार्यालय परिसर में क्यूआरटी टीमों को नई बाइक्स सौंपते हुए शहर के जाम प्रभावित और संवेदनशील क्षेत्रों की जानकारी दी तथा आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए। इससे पहले उन्होंने यातायात अधिकारियों की बैठक लेकर ट्रैफिक व्यवस्था की समीक्षा भी की। पुलिस के अनुसार, शहर में सुगम और निर्बाध यातायात सुनिश्चित करने के उद्देश्य से सभी 10 क्यूआरटी टीमों को आधुनिक दोपहिया वाहनों से सुसज्जित किया गया है। निर्देश दिए गए हैं कि जाम की सूचना मिलते ही संबंधित टीम तत्काल मौके पर पहुंचकर यातायात को सामान्य बनाए, ताकि आम नागरिकों को किसी प्रकार की परेशानी न हो।
यातायात पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि शहर में कहीं भी ट्रैफिक जाम की स्थिति बनने पर वे तुरंत यातायात हेल्पलाइन नंबर 94792 10632 पर सूचना दें। सूचना मिलते ही संबंधित ट्रैफिक थाने की क्यूआरटी टीम मौके पर पहुंचकर यातायात व्यवस्था को सुचारु करेगी। इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस आयुक्त अमित तुकाराम कांबले सहित यातायात पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित रहे।

