रायपुर।रायपुर में सोलर स्ट्रीट लाइट लगाने के नाम पर एक बड़े ठगी मामले का खुलासा हुआ है। खम्हारडीह थाना क्षेत्र में दर्ज इस मामले में आरोपियों ने खुद को प्रभावशाली और राजनेताओं से जुड़ा बताकर कारोबारी अंकित गोयल से कुल 53.60 लाख रुपये की ठगी की। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार, वर्ष 2024 में कचना निवासी अंकित गोयल की पहचान नयनित खेड़िया के माध्यम से राहुल शुक्ला से हुई थी। राहुल शुक्ला ने खुद को बड़े नेताओं और सरकारी अधिकारियों के करीब बताकर भरोसा दिलाया कि वह बस्तर संभाग की ग्राम पंचायतों में सोलर स्ट्रीट लाइट लगाने का बड़ा सरकारी टेंडर दिला सकता है। आरोप है कि उन्होंने हर सोलर स्ट्रीट लाइट पर लगभग 48 हजार रुपये का लाभ होने का दावा किया और निवेश के लिए प्रेरित किया।
आरोप है कि राहुल शुक्ला, उनकी पत्नी और अन्य सहयोगियों ने नकद और बैंक ट्रांजैक्शन के जरिए कुल 53.60 लाख रुपये ले लिए। शुरुआत में काम शुरू होने का आश्वासन दिया गया, लेकिन समय बीतने पर टालमटोल शुरू हो गई। आरोप है कि आरोपियों ने जैंको कंपनी और सरकारी टेंडर से जुड़े फर्जी दस्तावेज दिखाकर योजना को वास्तविक बनाने का प्रयास किया। खम्हारडीह पुलिस के अनुसार, शिकायत मिलने के बाद आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी सहित अन्य धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। बैंक ट्रांजैक्शन, कॉल डिटेल्स और दस्तावेजों की जांच की जा रही है, और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीम गठित की गई है। यह मामला सरकारी प्रोजेक्ट के नाम पर होने वाली ठगी की चिंताओं को फिर से उजागर करता है।
