गरियाबंद। छत्तीसगढ़ के देवभोग क्षेत्र में लगातार भूकंप के झटकों ने लोगों की चिंता बढ़ा दी है। गुरुवार दोपहर करीब 2:20 बजे एक बार फिर हल्के झटके महसूस किए गए, जिससे ग्रामीणों में दहशत फैल गई। बीते 36 घंटों में यह तीसरी बार है जब धरती कांपी है। इससे पहले भी रात और दिन के समय हल्के कंपन दर्ज किए गए थे। हालांकि झटकों की तीव्रता कम बताई जा रही है और अब तक किसी तरह के नुकसान की सूचना नहीं है, लेकिन बार-बार हो रही इस गतिविधि ने लोगों को सतर्क कर दिया है।कई ग्रामीण डर के कारण घरों से बाहर निकलकर खुले स्थानों पर समय बिताते नजर आए। प्रशासन लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए है और लोगों से अफवाहों से बचने की अपील की है।
इसी बीच जिले में मौसम ने भी कहर बरपाया है। देवभोग थाना क्षेत्र के मुरगुडा गांव में आकाशीय बिजली गिरने से 13 वर्षीय बच्चे की दर्दनाक मौत हो गई। मृतक की पहचान क्षीरसागर यादव के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि बच्चा घर के बाहर था, तभी अचानक मौसम बिगड़ा और तेज गर्जना के साथ बिजली गिरने से वह इसकी चपेट में आ गया। परिजन उसे तुरंत अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पिछले कुछ दिनों से क्षेत्र में लगातार बारिश और बिजली गिरने की घटनाएं बढ़ रही हैं। प्रशासन ने लोगों से खराब मौसम में सतर्क रहने और सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी है।
