रायपुर। दुनियाभर में तेजी से पैर पसार रहे खतरनाक इबोला वायरस के संक्रमण को देखते हुए छत्तीसगढ़ का स्वास्थ्य विभाग पूरी तरह अलर्ट मोड पर आ गया है। संचालनालय स्वास्थ्य सेवाएं की ओर से इस जानलेवा संक्रमण की रोकथाम के लिए प्रदेश में कड़े और जरूरी दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। इसके तहत रायपुर एयरपोर्ट पर आने वाले सभी देश-विदेश के यात्रियों की अनिवार्य स्वास्थ्य जांच (स्क्रीनिंग) करने और संदिग्ध मामलों की तुरंत पहचान करने के आदेश दिए गए हैं। एकीकृत रोग निगरानी कार्यक्रम (आईडीएसपी) द्वारा जारी पत्र के अनुसार, रायपुर के मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी को एयरपोर्ट परिसर में तत्काल एक नोडल अधिकारी नियुक्त करने की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

यह नोडल अधिकारी हवाई अड्डे पर यात्रियों की थर्मल और मेडिकल स्क्रीनिंग व्यवस्था का पूरा तालमेल संभालेंगे। दिशा-निर्देशों में साफ कहा गया है कि यदि एयरपोर्ट पर कोई भी संदिग्ध मरीज मिलता है, तो उसकी सूचना तुरंत उच्च अधिकारियों को दी जाए। इसके साथ ही, किसी भी आपातकालीन स्थिति से निपटने के लिए स्वास्थ्य विभाग ने एयरपोर्ट और नजदीकी अस्पतालों में आइसोलेशन वार्ड, एम्बुलेंस रेफरल और आपातकालीन प्रबंधन व्यवस्था को पूरी तरह से दुरुस्त रखने के निर्देश दिए हैं, ताकि संक्रमण को फैलने से रोका जा सके।
