रायपुर: उप मुख्यमंत्री अरुण साव राष्ट्रीय चिंतन शिविर में हुए शामिल

Follow Us

रायपुर। उप मुख्यमंत्री एवं लोक निर्माण मंत्री अरुण साव गुजरात के नर्मदा में आयोजित दो दिवसीय राष्ट्रीय चिंतन शिविर में शामिल हुए। केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम की थीम “गतिशक्ति से प्रगति” रखी गई है। केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने शिविर का शुभारंभ किया। कार्यक्रम में देश के विभिन्न राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों से सड़क निर्माण विभागों के मंत्री, अधिकारी, विशेषज्ञ और नीति निर्माता शामिल हुए।

शिविर के पहले दिन राष्ट्रीय राजमार्गों की डिजाइन, गुणवत्ता, सड़क सुरक्षा और परियोजना प्रबंधन से जुड़े विषयों पर चर्चा हुई। पीएम गतिशक्ति के माध्यम से एकीकृत अधोसंरचना नियोजन, भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया को तेज करने, भूमि राशि के प्रभावी इस्तेमाल और परियोजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन के लिए मॉडल कंसेशन एग्रीमेंट जैसे मुद्दों पर विचार-विमर्श किया गया। छत्तीसगढ़ की ओर से अरुण साव के साथ लोक निर्माण विभाग के प्रमुख अभियंता वी.के. भतपहरी, अपर सचिव एस.एन. श्रीवास्तव और राष्ट्रीय राजमार्ग परिक्षेत्र के मुख्य अभियंता ज्ञानेश्वर कश्यप भी शिविर में मौजूद रहे।

चिंतन शिविर में तैयार होने वाले विभिन्न फ्रेमवर्क से छत्तीसगढ़ की प्रस्तावित राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं को आगे बढ़ाने में मदद मिलने की बात कही गई है। राज्य में रायपुर-जगदलपुर, बिलासपुर-रायगढ़, कटघोरा-अंबिकापुर और रायपुर-सारंगढ़ फोरलेन राष्ट्रीय राजमार्गों की कार्ययोजना पर काम चल रहा है। शिविर के दूसरे दिन सुरक्षित राजमार्गों की डिजाइन, मानकों के अनुसार क्रियान्वयन, गुणवत्ता आश्वासन और परियोजनाओं की निगरानी जैसे विषयों पर चर्चा होगी।