बलरामपुर । छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले में सोमवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि कई लोग घायल हो गए। हादसा करौंधा थाना क्षेत्र में हुआ, जहां तेज रफ्तार पिकअप वाहन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे एक पेड़ से जा टकराया। दुर्घटना के समय वाहन में करीब 20 लोग सवार बताए जा रहे हैं।टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि पिकअप में सवार दो लोगों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। हादसे में कई अन्य लोग घायल हुए हैं। घायलों में नौ की हालत गंभीर बताई जा रही है। गंभीर रूप से घायल लोगों को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर किया गया है।
घटना की सूचना मिलते ही करौंधा पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया। पुलिस ने घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां उनका उपचार किया गया। गंभीर घायलों को चिकित्सकों की सलाह पर अंबिकापुर रेफर किया गया।पुलिस के अनुसार, मृतकों की पहचान सुरजमणि पति बालेश्वर (40) और किरण पति कपिल (30) के रूप में हुई है। दोनों करौंधा थाना क्षेत्र के देवरी गांव के निवासी बताए गए हैं। हादसे के बाद गांव में शोक का माहौल है।
पुलिस ने दोनों मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। साथ ही दुर्घटना की जानकारी मृतकों के परिजनों को दे दी गई है। पुलिस ने मर्ग कायम कर लिया है और हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक तौर पर तेज रफ्तार और वाहन के अनियंत्रित होने की बात सामने आ रही है, हालांकि दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता जांच पूरी होने के बाद ही चल सकेगा।
