छत्तीसगढ़ में बारिश का असर बरकरार, रायपुर समेत कई जिलों में गरज-चमक और तेज हवाओं का अलर्ट

Follow Us

रायपुर। छत्तीसगढ़ में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है। मौसम विभाग ने रविवार को रायपुर सहित प्रदेश के कई जिलों में बारिश, तेज हवाओं और आकाशीय बिजली गिरने की संभावना जताई है। ऐसे में लोगों को मौसम खराब होने के दौरान सावधानी बरतने की सलाह दी गई है। मौसम विभाग के अनुसार, प्रदेश के दक्षिणी और मध्य हिस्सों में अगले कुछ घंटों के दौरान हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। कुछ क्षेत्रों में 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है।

बीते 24 घंटों में भी प्रदेश के कई जिलों में अच्छी बारिश दर्ज की गई। रामानुजनगर, लोरमी और अकलतरा में सबसे अधिक 3 सेंटीमीटर वर्षा हुई, जबकि ओरछा, भोपालपटनम, सीपत, बेलतरा, बड़े बचेली और अन्य इलाकों में 2 सेंटीमीटर तक बारिश रिकॉर्ड की गई। कई अन्य स्थानों पर 1 सेंटीमीटर तक वर्षा दर्ज की गई। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि सक्रिय मानसूनी द्रोणिका और अन्य मौसमी प्रणालियों के प्रभाव से प्रदेश में वर्षा की गतिविधियां लगातार बनी हुई हैं। इसके चलते अगले 24 घंटे तक मौसम का यही मिजाज बने रहने की संभावना है। राजधानी रायपुर में दिनभर बादल छाए रहने के साथ रुक-रुककर बारिश हो सकती है। अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।

मौसम विभाग ने सुकमा, बीजापुर, दक्षिण बस्तर दंतेवाड़ा, बस्तर और कोंडागांव जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। वहीं रायपुर, नारायणपुर, कांकेर, धमतरी, बालोद, राजनांदगांव, गरियाबंद, महासमुंद, बलौदा बाजार, जांजगीर-चांपा, रायगढ़, बिलासपुर, कोरबा, दुर्ग, बेमेतरा, कबीरधाम और मुंगेली समेत कई जिलों में येलो अलर्ट जारी करते हुए लोगों से खराब मौसम के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहने और अनावश्यक रूप से खुले क्षेत्रों में जाने से बचने की अपील की गई है।