छत्तीसगढ़ में बारिश का दौर जारी, अगले 48 घंटे कई जिलों में भारी बारिश की चेतावनी

Follow Us

रायपुर। छत्तीसगढ़ में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है। गहरे अवदाब के प्रभाव से प्रदेश के कई हिस्सों में पिछले 24 घंटे के दौरान जमकर बारिश हुई। मौसम विभाग के अनुसार, अगले दो दिनों तक राज्य के अधिकांश इलाकों में बारिश का सिलसिला जारी रह सकता है, जबकि कुछ जिलों में भारी वर्षा की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग ने बताया कि गहरा अवदाब उत्तर तटीय ओडिशा और आसपास के क्षेत्रों से आगे बढ़ रहा है, जिसका असर छत्तीसगढ़ के मौसम पर दिखाई दे रहा है। इसके चलते तेज हवाओं, गरज-चमक और बिजली गिरने की संभावना भी बनी हुई है।

बीते दिनों सबसे ज्यादा बारिश चांपा में 11 सेंटीमीटर दर्ज की गई। वहीं जांजगीर और अकलतरा में 9-9 सेंटीमीटर तथा कई अन्य क्षेत्रों में 8 सेंटीमीटर तक वर्षा हुई। राजधानी रायपुर में भी देर रात तक बारिश होती रही और मौसम सुहावना बना रहा। मौसम विभाग ने महासमुंद, रायगढ़, बिलासपुर, जांजगीर-चांपा, मुंगेली और बलौदाबाजार समेत कई जिलों के लिए अलर्ट जारी किया है। इन क्षेत्रों में 40 से 80 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और भारी बारिश की संभावना है। हालांकि प्रदेश में अब तक मानसूनी बारिश सामान्य से करीब 18 प्रतिशत कम दर्ज की गई है, लेकिन आने वाले दिनों की बारिश से इसकी भरपाई होने की उम्मीद है।