तेलीबांधा में देर रात भीषण आग, ऑक्टोपस बार समेत 4 दुकानें जलकर खाक, 13 दमकल गाड़ियों ने घंटों की मशक्कत के बाद पाया काबू

Follow Us

रायपुर। राजधानी के तेलीबांधा इलाके में बुधवार देर रात करीब 1 बजे भीषण आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। आग सबसे पहले एक हार्डवेयर दुकान में लगी, जिसने कुछ ही देर में विकराल रूप धारण कर लिया और पास स्थित ऑक्टोपस बार समेत चार दुकानों को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में दुकानों को भारी नुकसान हुआ है।

आग की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की 13 गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। दमकल कर्मियों ने तेज बारिश के बीच घंटों तक मशक्कत कर आग पर काबू पाने की कोशिश की। हालांकि सुबह तक भी आग पूरी तरह नहीं बुझ पाई थी और घटनास्थल से धुआं उठता रहा।

तेलीबांधा थाना प्रभारी अजय झा ने बताया कि प्रारंभिक जांच में आग हार्डवेयर दुकान से शुरू होना सामने आया है। आग लगने की वजह फिलहाल स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस और फायर विभाग मामले की जांच में जुटे हैं।

वहीं, भोजनालय संचालक बॉबी तोलानी ने बताया कि रात करीब 1 बजे उन्हें आग लगने की सूचना मिली। सूचना मिलते ही वे तत्काल मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक आग तेजी से फैल चुकी थी। आग की चपेट में आने से ऑक्टोपस बार समेत अन्य दुकानों में रखा सामान पूरी तरह जल गया। फिलहाल नुकसान का आकलन किया जा रहा है।